अखंड भारत बनाने वाले लौह पुरुष सरदार पटेल को राष्ट्र ने किया नमन, दी श्रद्धांजलि

भास्कर न्यूज ऑनलाइन भास्कर न्यूज ऑनलाइन
देश Updated On :

नई दिल्ली। आजादी के बाद कई रियासतों को भारत में मिलकर अखंड राष्ट्र का निर्माण करने वाले लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को उनकी पुण्यतिथि पर कृतज्ञ राष्ट्र ने श्रद्धांजलि दी। उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने देश के प्रथम गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि स्वाधीनता आंदोलन में उनके त्याग और संघर्ष को लोग सम्मान के साथ याद करते हैं।

उपराष्ट्रपति सचिवालय ने नायडू के हवाले से ट्वीट किया, ‘‘आज लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की पुण्यतिथि है। कृतज्ञ राष्ट्र के साथ उनकी पावन स्मृति को सादर नमन करता हूं।’’ स्वाधीनता आंदोलन में उनके त्याग और संघर्ष, राष्ट्र के एकीकरण और अखंडता के लिए उनके दृढ़ संकल्प को देश का प्रत्येक नागरिक आज भी सम्मान के साथ कृतज्ञतापूर्वक याद करता है।

उन्होंने 560 से अधिक रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में उनके योगदान की भी सराहना की। सरदार पटेल भारत के पहले गृह मंत्री थे और स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद देश की 560 से अधिक रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण का श्रेय उनकी सियासी और कूटनीतिक क्षमता को दिया जाता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल को मंगलवार को उनकी पुण्यतिथि पर नमन किया और कहा कि ‘लौह पुरुष’ के दिखाए मार्ग देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करने के लिए सदैव प्रेरित करते रहेंगे।

मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘सशक्त, सुदृढ़ और समृद्ध भारत की नींव रखने वाले लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को उनकी पुण्यतिथि पर शत-शत नमन। उनके दिखाए मार्ग हमें देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करने के लिए सदा प्रेरित करते रहेंगे।’’

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सरदार वल्लभ भाई पटेल को उनकी पुण्यतिथि पर मंगलवार को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि उनका दृढ़ नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण सदैव देश को मार्गदर्शन देता रहेगा।

शाह ने ट्वीट किया, ‘‘सरदार पटेल जी का जीवन और व्यक्तित्व इतना विराट है, जिसे शब्दों में पिरो पाना संभव नहीं है। सरदार साहब भारत की एकता और शक्ति के प्रतीक हैं। उन्होंने जटिल से जटिल समस्याओं का समाधान कर एक अखंड भारत को आकार दिया। उनका दृढ़ नेतृत्व और राष्ट्र समर्पण सदैव हमारा मार्गदर्शन करता रहेगा।’’

पटेल का जन्म 31 अक्टूबर, 1875 को गुजरात के नाडियाड में हुआ था। सरदार पटेल भारत के पहले गृहमंत्री थे और स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद देश की 560 से अधिक रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण का श्रेय उनकी सियासी और कूटनीतिक क्षमता को दिया जाता है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पटेल की याद में गुजरात के केवडिया में उनकी एक आदमकद प्रतिमा स्थापति करने में अहम भूमिका निभाई। यह दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा है।



Related