तीसरी बार फिर बनेगी एनडीए की सरकार- पीएम मोदी


पीएम ने कहा कि हमारे देश में राजनीतिक गठबंधनों की एक लंबी परंपरा रही है, लेकिन जो भी गठबंधन नेगेटिविटी के साथ बने वह कभी भी सफल नहीं हो पाए। कांग्रेस ने 90 के दशक में देश में अस्थिरता लाने के लिए गठबंधनों का इस्तेमाल किया। कांग्रेस ने सरकारें बनाईं और सरकारें बिगाड़ीं।


नागरिक न्यूज नागरिक न्यूज
देश Updated On :

नई दिल्ली।  पीएम ने कहा कि अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए ये लोग पास-पास तो आ सकते हैं लेकिन साथ नहीं आ सकते। जो लोग आज मोदी को कोसने के लिए इतना समय लगा रहे हैं, अच्छा होता वो देश के लिए, गरीब के लिए सोचने में समय लगाते। 2024 का चुनाव दूर नहीं है और देश के लोग मन बना चुके हैं कि तीसरी बार फिर NDA को ही अवसर देना है।

पीएम ने कहा कि जनता देख रही है कि ये पार्टियां क्यों इकट्ठा हो रही हैं? जनता ये भी जान रही है कि ऐसा कौन सा गोंद है जो इन पार्टियों को जोड़ रहा है। किस तरह छोटे-छोटे स्वार्थ के लिए मूल्यों और सिद्धांतों से समझौता किया जा रहा है।

बेंगलुरु में हुई विपक्षी दलों की बैठक का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि छोटे स्वार्थ के लिए ये दल साथ आ रहे हैं। वो तोड़ते हैं, हम जोड़ते हैं। केरल में लेफ्ट और कांग्रेस में झगड़ा है और बेंगलुरु में साथ बैठे हैं। बंगाल में कांग्रेस और लेफ्ट के लोगों को टीएमसी के लोग मारते हैं लेकिन इनके नेता कुछ नहीं कहते।

पीएम मोदी ने कहा कि राजनीति में प्रतिस्पर्धा हो सकती है लेकिन शत्रुता नहीं होती लेकिन आज विपक्ष ने अपनी एक ही पहचान बना ली है, हमें गाली देना, हमें नीचा दिखाना। बावजूद इसके हमने देश को दलों के हित से उपर रखा है। यह NDA सरकार ही है जिसने प्रणब मुखर्जी को भारत रत्न दिया, हमने मुलायम सिंह यादव, शरद पवार, गुलाम नबी आज़ाद जैसे अनेक नेताओं को पद्म सम्मान दिया।

पीएम ने कहा कि हमारे देश में राजनीतिक गठबंधनों की एक लंबी परंपरा रही है, लेकिन जो भी गठबंधन नेगेटिविटी के साथ बने वह कभी भी सफल नहीं हो पाए। कांग्रेस ने 90 के दशक में देश में अस्थिरता लाने के लिए गठबंधनों का इस्तेमाल किया। कांग्रेस ने सरकारें बनाईं और सरकारें बिगाड़ीं।

पीएम ने कहा कि 1998 में NDA का गठन हुआ था, लेकिन सिर्फ सरकारें बनाना और सत्ता हासिल करना NDA का लक्ष्य नहीं था। NDA किसी के विरोध में नहीं बना था, NDA किसी को सत्ता से हटाने के लिए नहीं बना था। NDA का गठन देश में स्थिरता लाने के लिए हुआ था।

पीएम मोदी ने आगे कहा कि एनडीए के लिए राष्ट्र पहले है, राष्ट्र की सुरक्षा पहले है, प्रगति पहले है और लोगों का सशक्तिकरण पहले है। एक तरह से NDA अटल जी की एक ओर विरासत है जो हमें जोड़े हुए है। NDA के निर्माण में आडवाणी जी ने भी बहुत अहम भूमिका निभाई थी और वो आज भी हमारा मार्गदर्शन कर रहे हैं।

पीएम मोदी ने इस दौरान एनडीए का मतलब भी बताया। उन्होंने कहा कि एन का मतलब न्यू इंडिया है, डी का मतलब है डेवलप्ड नेशन, ए का मतलब एस्पिरेशन ऑफ पीपल यानि लोगों की आकांक्षा। आज युवा, महिलाएं, मध्यम वर्ग, दलित और वंचितों को एनडीए पर भरोसा है।