बीमार मां के लिए ऑक्सीजन मांगा तो केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल ने कहा- लगेंगे दो थप्पड़

दमोह। केंद्रीय संस्कृति मंत्री प्रह्लाद पटेल का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वह बीमार मां के लिए ऑक्सीजन सिलेंडर की मांग करने वाले एक व्यक्ति को ‘दो थप्पड़’ लगाने की बात कहते सुने जा सकते हैं। एक तरफ जहां विपक्ष ने इस घटना को लेकर मंत्री पर निशाना साधा है, वहीं, पटेल से इस वीडियो को लेकर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।

जिला अस्पताल से दो दिन पहले ऑक्सीजन सिलेंडर लूटे जाने की घटना के बाद दमोह से सांसद पटेल अस्पताल का दौरान करने पहुंचे थे। इस दौरान, एक व्यक्ति ने अपनी कोरोना पीड़ित मां के लिए पटेल से ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध कराने की मांग की। वीडियो में केंद्रीय मंत्री उस व्यक्ति को डांटते हुए नजर आ रहे हैं।

वीडियो में दिखाई दे रहा है कि जब बातचीत के दौरान व्यक्ति ने पटेल की तरफ उंगली उठाई तो गुस्साए मंत्री ने उससे उंगली नीचे करने का इशारा किया और कहा, ऐसे बोलेगा तो दो खाएगा। एक जिम्मेदार मंत्री के इस तरह के रवैये पर विपक्ष ने सरकार पर जमकर निशाना साधा है और है कहा, इससे साफ़ है कि सरकार लोगों की समस्याओं को लेकर कितनी संजीदा है।

First Published on: April 23, 2021 6:42 AM
Exit mobile version