पद्म पुरस्कारों की हुई घोषणा, शिंजो एबी और पा‌र्श्व गायक एसपी बालासुब्रमण्यम के नाम का हुआ एलान


इस बार सात हस्तियों को पद्म विभूषण, 10 को पद्म भूषण और 102 को पद्मश्री पुरस्कार देने की घोषणा की गई है। 16 हस्तियों को पद्म विभूषण पुरस्कार मरणोपरांत प्रदान करने का एलान किया गया है। देश का दूसरा सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार पद्म विभूषण पाने वालों में जापान के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहे शिंजो एबी और पा‌र्श्व गायक एसपी बालासुब्रमण्यम (मरणोपरांत) का भी नाम है।


naagrik news naagrik news
देश Updated On :

नई दिल्‍ली। गणतंत्र दिवस के मौके पर दिए जाने वाले पद्म पुरस्कारों का एलान कर दिया गया है। इस बार सात हस्तियों को पद्म विभूषण, 10 को पद्म भूषण और 102 को पद्मश्री पुरस्कार देने की घोषणा की गई है। 16 हस्तियों को पद्म विभूषण पुरस्कार मरणोपरांत प्रदान करने का एलान किया गया है। देश का दूसरा सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार पद्म विभूषण पाने वालों में जापान के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहे शिंजो एबी और पा‌र्श्व गायक एसपी बालासुब्रमण्यम (मरणोपरांत) का भी नाम है। वहीं, असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई (मरणोपरांत), पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान (मरणोपरांत) और पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन को पद्म भूषण से नवाजा जाएगा।

पीएम मोदी बोलेेे- सम्‍मान पाने वालों पर गर्व

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पद्म पुरस्‍कारों के एलान पर कहा, ‘हमें उन सभी पर गर्व है जिन्हें पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। भारत राष्ट्र और मानवता के लिए उनके योगदान को स्वीकार करता है। जीवन के विभिन्न क्षेत्रों के ये असाधारण व्यक्ति दूसरों के जीवन में गुणात्मक परिवर्तन लाए हैं।’


इन्‍हें पद्म विभूषण सम्‍मान-

शिंजो आबे (जापान) : जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के कार्यकाल में भारत-जापान के संबंधों में काफी प्रगति हुई थी। उन्‍हें लोकसेवा के लिए पद्म विभूषण सम्मान दिया गया है।

एसपी बालासुब्रमण्यम (मरणोपरांत) : गायक एसपी बालासुब्रमण्यम को कला क्षेत्र में योगदान के लिए पद्म विभूषण सम्मान दिया जा रहा है। उन्‍होंने तेलुगू, तमिल, कन्नड़, हिंदी और मलयालम भाषाओं में हजारो गाने गाए थे।

सुदर्शन साहू : ओडिशा के चर्चित मूर्तिकार सुदर्शन साहू को कला के क्षेत्र में योगदान के लिए पद्म विभूषण से सम्‍मानित किया गया है। उनकी बनाई कलाकृतियों की चर्चा दुनियाभर में होती है।

तरुण गोगोई, पासवान समेत 10 को पद्म भूषण
केरल की कृष्णन नायर शांताकुमारी चिथारा को कला, असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई को सार्वजनिक सेवा, कर्नाटक के चंद्रशेखर कंबारा को साहित्य एवं शिक्षा, मध्य प्रदेश से ताल्लुक रखने वालीं पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन को सार्वजनिक सेवा, यूपी से आने वाले नृपेंद्र मिश्रा को सिविल सेवा क्षेत्र में पद्म भूषण मिला है। पूर्व केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान, गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री केशूभाई पटेल को भी सार्वजनिक सेवा क्षेत्र में मरणोपरांत पद्म भूषण दिया गया है। शिया नेता कल्बे सादिक को भी मरणोपरांत पद्म भूषण दिया गया है। रजनीकांत देवीदास श्राफ को वाणिज्य एवं उद्योग और तरलोचन सिंह को सार्वजनिक सेवा क्षेत्र में यह पुरस्कार मिला है।

पद्म श्री पाने वालों में मृदुला सिन्हा समेत कई हस्तियां
जिन 102 हस्तियों को पद्म श्री देने का ऐलान हुआ है, उनमें गोवा की पूर्व राज्यपाल मृदुला सिन्हा, ब्रिटिश फिल्म निर्देशक पीटर ब्रुक, फादर वेलेस (मरणोपरांत), चमन लाल सप्रू (मरणोपरांत) पद्म श्री पाने वालों में शामिल हैं। यूपी के गुलफाम अहम (कला), जगदीश चौधरी (सामाजिक कार्य) को मरणोपरांत यह सम्मान दिया गया है। बिहार की दुलारी देवी और रामचंद्र मांझी को (कला), दिल्ली के नीरू कुमार को सामाजिक कार्य के क्षेत्र में यह पुरस्कार मिला है। दिल्ली से ही चंद्रकांत संभाजी पांडव और जेएन पांडे (मरणोपरांत) को औषधि क्षेत्र में यह सम्मान मिला है। यूपी से अशोक कुमार साहू को भी मेडिसिन, राम यत्न शुक्ला को साहित्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में यह सम्मान मिला है। यूपी से चंद्रशेखर सिंह (कृषि) और सुधा हरि नारायण सिंह को खेलकूद में पद्म श्री मिला है।