पद्म विभूषण वैज्ञानिक आर नरसिम्हा का निधन, पीएम ने जताया शोक

भाषा भाषा
देश Updated On :

बेंगलुरु। प्रख्यात अंतरिक्ष वैज्ञानिक तथा पद्म विभूषण से सम्मानित रोड्डम नरसिम्हा का सोमवार को यहां निजी अस्पताल में निधन हो गया। डॉक्टरों ने यह जानकारी दी। वे 87 वर्ष के थे। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।

शहर के रमैया मेमोरियल अस्पताल में न्यूरोसर्जन तथा वरिष्ठ सलाहकार डॉक्टर सुनील वी फुर्तादो ने कहा कि प्रतिष्ठित भारतीय विज्ञान संस्थान (आईआईएस) में सेवाएं देने वाले वैज्ञानिक नरसिम्हा ने रात करीब साढ़े आठ बजे अंतिम सांस ली। मस्तिष्क में रक्तस्राव के बाद आठ दिसंबर को उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रख्यात अंतरिक्ष वैज्ञानिक तथा पद्म विभूषण से सम्मानित रोड्डम नरसिम्हा के निधन पर मंगलवार को शोक प्रकट किया और कहा कि उन्होंने ज्ञान और अनुसंधान की भारतीय परम्परा की श्रेष्ठता को साकार किया।

मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘रोड्डम नरसिम्हा ने ज्ञान और अनुसंधान की भारतीय परम्परा की श्रेष्ठता को साकार किया। वह एक उत्कृष्ट वैज्ञानिक थे और भारत की प्रगति के लिए विज्ञान और नवाचार की ताकत का लाभ उठाने को लेकर गंभीर थे। उनके निधन से दु:खी हूं। उनके परिजनों और मित्रों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।’’

फुर्तादो ने कहा, उन्हें जब अस्पताल लाया गया था, तब उनकी हालत बेहद नाजुक थी। उनके मस्तिष्क में खून बह रहा था। वे हृदय संबंधी बीमारी से ग्रस्त थे और 2018 में उन्हें मस्तिष्काघात हुआ था।

केन्द्र सरकार ने नरसिम्हा को अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में उनके योगदान के लिये 2013 में देश के दूसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया था। उनके परिवार में पत्नी व एक बेटी हैं।



Related