वेनेजुएला में आए दो शक्तिशाली भूकंप ने देश में भारी तबाही मचाई है। राजधानी काराकस समेत कई शहरों में हजारों इमारतें मलबे में तब्दील हो गईं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वेनेजुएला में आए भूकंप से हुई तबाही पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि वेनेजुएला की मदद के लिए भारत हर संभव मदद देने के लिए तैयार है। उन्होंने उन लोगों के प्रति संवेदना जताई, जिन्होंने अपनों को इस आपदा में खोया है।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, ‘भारत की ओर से, मैं वेनेजुएला सरकार और वहां के लोगों, खासकर उन परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। हम घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं और इस कठिन समय में सभी प्रभावित लोगों के साथ एकजुटता से खड़े हैं। भारत हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए तत्पर है।’
CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने बुधवार (24 जून) को आए दो शक्तिशाली भूकंपों के बाद देश में आपातकाल की घोषणा कर दी है। अधिकारियों ने मृतकों की पुष्टि की है और प्रभावित क्षेत्रों में बचाव अभियान जारी हैं।
बुधवार (लोकट टाइम) को अपने संबोधन में रोड्रिगेज ने आपदा में जानमाल के नुकसान की पुष्टि करते हुए कहा कि उन्होंने उन लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की है, जिन्होंने अपने परिवार के किसी सदस्य को खो दिया है। हालांकि, उन्होंने मृतकों की संख्या नहीं बताई।
यूएस जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के अनुमान के मुताबिक भूकंप में मरने वालों का आंकड़ा 10 हजार से ज्यादा हो सकता है। यूएसजीएस ने कहा, आपदा के चलते भारी जानमाल के नुकसान की आशंका है। उसने शुरुआती अनुमान लगाया है कि मृतकों की संख्या 10,000 से 100000 के बीच हो सकती है।
