बेल्जियम में कैंसर का इलाज करवा रहा PNB घोटाले का आरोपी मेहुल चोकसी


मेहुल चोकसी की ओर से पेश वकील विजय अग्रवाल ने अदालत को बताया कि वह चोकसी की कुछ स्वास्थ्य समस्याओं के बारे में रिकॉर्ड पर तथ्य रखने के लिए एक अर्जी दायर करना चाहते हैं। उन्होंने अदालत को बताया कि चोकसी फिलहाल इलाज के लिए बेल्जियम में है।


नागरिक न्यूज नागरिक न्यूज
देश Updated On :

पंजाब नेशनल बैंक ऋण धोखाधड़ी मामले में मुख्य आरोपी भगोड़ा हीरा व्यापारी मेहुल चोकसी कैंसर के इलाज के लिए फिलहाल बेल्जियम में है। यहां एक विशेष अदालत को मंगलवार (11 फरवरी, 2025) को यह बताया गया।

मेहुल चोकसी की ओर से पेश वकील विजय अग्रवाल ने अदालत को बताया कि वह चोकसी की कुछ स्वास्थ्य समस्याओं के बारे में रिकॉर्ड पर तथ्य रखने के लिए एक अर्जी दायर करना चाहते हैं। उन्होंने अदालत को बताया कि चोकसी फिलहाल इलाज के लिए बेल्जियम में है।

विजय अग्रवाल ने अदालत को बताया कि चोकसी के कैंसर से पीड़ित होने की आशंका है। मुंबई की धन-शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) विशेष अदालत मेहुल चोकसी को भगोड़ा आर्थिक अपराधी (FEO) घोषित करने की प्रवर्तन निदेशालय (ED) की याचिका पर सुनवाई कर रही है।

एफईओ घोषित होने से सरकार को अपराधी की संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई शुरू करने की अनुमति मिलती है।

मेहुल चोकसी, उसके भतीजे और भगोड़े हीरा व्यापारी नीरव मोदी और उनके परिवार के सदस्यों, कर्मचारियों, बैंक अधिकारियों तथा अन्य पर प्रवर्तन निदेशालय व केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने 2018 में मुंबई में पंजाब नेशनल बैंक की ब्रैडी हाउस शाखा में कथित ऋण धोखाधड़ी को अंजाम देने के आरोप में मामला दर्ज किया था।

मेहुल चोकसी भारत छोड़ने के बाद 2018 से एंटीगुआ में रह रहा है। नीरव मोदी को 2019 में एफईओ घोषित किया गया था, जबकि चोकसी के खिलाफ ईडी की याचिका 2018 से लंबित है। ईडी ने चोकसी के खिलाफ अब तक तीन आरोपपत्र दाखिल किए हैं। ईडी ने 2019 में बॉम्बे हाईकोर्ट को बताया था कि चोकसी को भगोड़ा घोषित किया गया है।



Related