ऑपरेशन सिंदूर के बाद सुरक्षा बढ़ाने की तैयारी, इजरायल से एडवांस्ड डिकॉय सिस्टम खरीद रहा भारत

नागरिक न्यूज नागरिक न्यूज
देश Updated On :

भारतीय वायुसेना अब दुश्मन की मिसाइलों से राफेल लड़ाकू विमानों को बचाने के लिए इजरायल के एडवांस्ड डिकॉय सिस्टम से अपनी हवाई सुरक्षा को और मजबूत करने जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, भारत ने इजरायली X-Guard Fiber-Optic Towed Decoy System की जल्द आपूर्ति के लिए कोशिशें तेज कर दी हैं।

X-Guard Towed Decoy नाम का ये सिस्टम इजरायल की कंपनी ने बनाया है। जब कोई दुश्मन मिसाइल विमान पर हमला करती है, तो ये डिकॉय खुद को असली विमान की तरह दिखाता है, जिससे मिसाइल असली विमान की बजाय डिकॉय को निशाना बना लेती है।

ये सिस्टम एक केबल से विमान के पीछे जुड़ा होता है और उड़ान के दौरान एक्टिव किया जाता है। जब मिशन पूरा हो जाता है, तो इसे वापस विमान में खींच लिया जाता है।

भारत ने इस सिस्टम को अपने राफेल जेट में 2019 और 2023 में टेस्ट भी कर लिया था। लेकिन पश्चिम एशिया में तनाव और सप्लाई चेन में रुकावट के कारण डिलीवरी में देरी हो रही है। अब भारत चाहता है कि इसे जल्दी से जल्दी हासिल किया जाए।

22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारत ने 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर चलाया था। इसके बाद भारत अपनी वायुसेना को और मजबूत करने में जुट गया है। राफेल विमानों में अब कई और एडवांस फीचर जोड़े जा रहे हैं, जैसे- हेलमेट पर डिस्प्ले, दुश्मन के विमानों की पहचान करने वाला सेंसर और ऊंचे पहाड़ी इलाकों से उड़ान भरने की क्षमता।

डिकॉय सिस्टम दुश्मन की मिसाइलों से बचने का एक भरोसेमंद तरीका है। इससे राफेल विमान खतरनाक मिशनों पर भी सुरक्षित उड़ान भर सकते हैं। भारत अब ऐसे आधुनिक सिस्टम से अपनी वायुसेना को और मजबूत करना चाहता है।