कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और उद्योगपति रॉबर्ट वाड्रा के बेटे रेहान वाड्रा की सगाई की खबर सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, रेहान वाड्रा ने सात साल से डेट कर रहे अवीवा बेग को हाल ही में प्रपोज किया। अवीवा ने इस रिश्ते को मंजूरी दे दी। बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों ने इस रिश्ते को लेकर अपनी सहमति जता दी है। सूत्रों के अनुसार, अवीवा बेग और उनका परिवार दिल्ली का रहने वाला है।
रेहान और अवीवा की शादी की तारीख को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। बताया जा रहा है कि शादी से जुड़ा फैसला दोनों परिवार आपसी सहमति और सुविधा के अनुसार करेंगे।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी केरल की वायनाड लोकसभा सीट से सांसद हैं। उन्होंने उपचुनाव में जीत दर्ज की थी। चुनाव के दौरान दाखिल किए गए हलफनामे में उन्होंने अपनी और अपने पति रॉबर्ट वाड्रा की संपत्ति का ब्यौरा दिया था।
प्रियंका गांधी द्वारा पेश हलफनामे के अनुसार, रॉबर्ट वाड्रा की कुल संपत्ति 65.54 करोड़ रुपये है। इसमें 37.9 करोड़ रुपये की चल संपत्तियां और 27.64 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियां शामिल हैं। इसके अलावा उनके नाम पर 10 करोड़ रुपये की देनदारियां भी दर्ज हैं। हलफनामे के मुताबिक, रॉबर्ट वाड्रा के पास 2.18 लाख रुपये नकद हैं। वहीं, अलग-अलग बैंकों में उनके करीब 50 लाख रुपये जमा हैं। इसके साथ ही उन्होंने कई लोन भी ले रखे हैं, जिनकी कुल राशि करीब 34 करोड़ रुपये बताई गई है।
रॉबर्ट वाड्रा को महंगी कारों और बाइक्स का शौक है। उनके पास कुल तीन वाहन हैं, जिनमें 53 लाख रुपये की टोयोटा लैंड क्रूजर भी शामिल है। रॉबर्ट वाड्रा पेशे से कारोबारी हैं। उनका हैंडीक्राफ्ट आइटम्स और कस्टम ज्वेलरी का कारोबार है। उनकी कंपनी का नाम ‘आर्टेक्स एक्सपोर्ट्स’ है। इसके अलावा वे रियल एस्टेट सेक्टर में भी सक्रिय हैं और कई अन्य कंपनियों में निवेश के जरिए उनकी भागीदारी है।
