प्रियंका का केंद्र पर आरोप, कहा- ‘आत्मनिर्भर’ की बात कर सरकार को ‘अरबपति मित्रों पर निर्भर’ बना दिया

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की छह लाख करोड़ रुपये की राष्ट्रीय मौद्रिकरण योजना (एनएमपी) की घोषणा को लेकर निशाना साधा है।

नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की छह लाख करोड़ रुपये की राष्ट्रीय मौद्रिकरण योजना (एनएमपी) की घोषणा को लेकर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ‘आत्मनिर्भर’ की बात करते-करते पूरी सरकार को ‘अरब मित्रों पर निर्भर’ कर दिया गया।

प्रियंका ने ट्वीट किया, ‘‘आत्मनिर्भर का जुमला देते-देते पूरी सरकार को ही अरबपति मित्रों पर निर्भर कर दिया गया। सारा काम उन्हीं अरबपति मित्रों के लिए, सारी संपत्ति उन्हीं के लिए… । 70 सालों में देश की जनता की मेहनत से बनी लाखों करोड़ रुपये की संपत्ति अपने अरबपति मित्रों को दे रही है यह सरकार।’’

निजी निवेश हासिल करने के लिए चेन्नई, भोपाल, वाराणसी एवं वडोदरा सहित भारतीय हवाई अड्डा प्राधिकरण (एएआई) के करीब 25 हवाई अड्डे, 40 रेलवे स्टेशनों, 15 रेलवे स्टेडियम और कई रेलवे कॉलोनी की पहचान की गयी है। इन्हें निजी क्षेत्र के निवेश से विकसित किया जायेगा।

First Published on: August 24, 2021 2:31 PM
Exit mobile version