सोना मत खरीदो वाली पीएम मोदी की अपील पर भड़के राहुल गांधी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईरान युद्ध के बीच देशवासियों से बड़ी अपील की है। उन्होंने सोना न खरीदने, विदेश यात्रा कम करने, पेट्रोल कम जलाने को कहा है। इसके साथ ही कंपनियों को वर्क फ्रॉम होम बढ़ाने को भी कहा है। पीएम मोदी की इस अपील पर कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी का रिएक्शन सामने आया है। उन्होंने कहा कि ये उपदेश नहीं, बल्कि ये नाकामी के सबूत हैं।

राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, ‘मोदी जी ने कल जनता से त्याग मांगे – सोना मत ख़रीदो, विदेश मत जाओ, पेट्रोल कम जलाओ, खाद और खाने का तेल कम करो, मेट्रो में चलो, घर से काम करो। ये उपदेश नहीं – ये नाकामी के सबूत हैं।’

कांग्रेस नेता ने कहा, ’12 साल में देश को इस मुकाम पर ला दिया है कि जनता को बताना पड़ रहा है – क्या खरीदे, क्या न खरीदे, कहां जाए, कहां न जाए। हर बार जिम्मेदारी जनता पर डाल देते हैं ताकि खुद जवाबदेही से बच निकलें। देश चलाना अब Compromised PM के बस की बात नहीं।’

प्रधानमंत्री मोदी ने हैदराबाद में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मैं लोगों से अपील करता हूं कि वे एक साल तक सोना न खरीदें। उन्होंने कोरोना काल का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान हमने वर्क फ्रॉम होम, ऑनलाइन मीटिंग्स और वीडियो कॉन्फ्रेंस जैसी व्यवस्थाओं को अपनाया था। हमने इसकी आदत डाल ली थी। आज भी समय की मांग है कि हम उन व्यवस्थाओं को फिर से प्राथमिकता दें।

First Published on: May 11, 2026 9:54 AM
Exit mobile version