LPG गैस के दामों में वृद्धि पर राहुल का तंज, बोले- जनता से लूट, सिर्फ़ ‘दो’ का विकास !

naagrik news naagrik news
देश Updated On :

नई दिल्ली। पेट्रोल-डीजल के बढ़ने के बीच अचानक गैस सिलिंडर की कीमत में वृद्धि के बाद विपक्षी दलों ने केंद्र की भाजपा सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने एलपीजी गैस की कीमतों में हुई बढ़ोतरी के बाद केंद्र सरकार पर तंज कसा है। कांग्रेस ने कहा है कि अब भाजपा की महिला नेता कहां है जो यूपीए के दौरान सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करती थीं। वहीं, बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी सरकार पर निशाना साधा है।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने एलपीजी गैस की कीमतों में हुई बढ़ोतरी के बाद केंद्र सरकार पर तंज कसा है। राहुल गांधी ने कहा कि देश में विकास किसी का नहीं हुआ है बल्कि सिर्फ दो लोगों का हुआ है। उन्होंने ट्वीट किया जनता से लूट, सिर्फ़ ‘दो’ का विकास।

देश में पेट्रोलियम पदार्थो की बढ़ती कीमतों को लेकर बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने सोमवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जनहित के इस मुद्दे पर सरकार का चुप रहना दुखद है। कहा, सरकार को महंगाई बढ़ाने वाले इस मुद्दे पर सरकार को तुरंत ध्यान देना चाहिए।

पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने ट्वीट कर कहा, ‘देश में पेट्रोल, डीजल की कीमतें आसमान छू रही हैं तथा करोड़ों मध्यम वर्ग एवं मेहनतकश जनता में त्राहि-त्राहि मची हुई है, लेकिन जनहित के इस मुद्दे पर भी सरकार का मूक दर्शक बने रहना दुखद है।


कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत रसोई गैस के दाम में बढ़ोतरी के विरोध में सोमवार को सिलेंडर के साथ संवाददाता सम्मेलन में पहुंचीं और सरकार से बढ़ी हुई कीमतें तत्काल वापस लेने की मांग की। उन्होंने सरकार पर ‘कुप्रबंधन, मुनाफाखोरी करने और आम लोगों की फिक्र नहीं करने’ का आरोप लगाया और सवाल किया कि संप्रग सरकार के समय सिलेंडर लेकर सड़क पर बैठने वाली भाजपा की महिला नेता अब चुप क्यों हैं?

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा, पिछले 10 दिनों के भीतर इस सरकार ने रसोई गैस के सिलेंडर में 75 रुपये की बढ़ोतरी की है। चार फरवरी को दाम 25 रुपये बढ़ाए गए थे और अब 50 रुपये बढ़ा दिए गए। यही नहीं, दो महीने के भीतर सिलेंडर की कीमत में 175 रुपये की वृद्धि की जा चुकी है। आज के समय में दिल्ली में एक सिलेंडर 769 रुपये का बिक रहा है।

संप्रग सरकार के समय एक सिलेंडर की कीमत 400 रुपए के करीब थी। उस समय कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल से ज्यादा थी, लेकिन पेट्रोल-डीजल की कीमतों को नियंत्रित रखा गया था। अब पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतें आसमान छू रही हैं। इस सरकार के कुप्रबंधन के कारण देश को महंगाई की मार झेलनी पड़ रही है।

सुप्रिया ने सवाल किया कि क्या सरकार का काम ‘मुनाफाखोरी’ करना है? कांग्रेस की सरकार में कीमत 10 रुपए बढ़ने पर सिलेंडर लेकर सड़क पर उतरने वाली महिला नेता से पूछना चाहती हूं कि क्या आज सत्ता का सुख इतना बड़ा हो गया है कि वह बोल नहीं पा रही हैं? आपको पता है कि मैं किसके बारे में बात कर रही हूं।