उत्तर भारत में बारिश ने मचाई तबाही, आज इन राज्यों में हो सकती है भारी बारिश


मैदानी इलाकों की बात करें तो राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में बारिश के चलते लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है।


नागरिक न्यूज नागरिक न्यूज
देश Updated On :

नई दिल्ली। देश के अधिकांश राज्यों में इन दिनों जमकर बारिश हो रही है। हालांकि ये बारिश उत्तर भारत के कई राज्यों के लिए आफत बनकर बरस रही है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू कश्मीर में बारिश के चलते लोगों को भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक बुरा असर हिमाचल प्रदेश में हुआ है। जहां बारिश संबंधित घटनाओं में लोगों को जान-माल दोनों का नुकसान हुआ है। वहीं जम्मू कश्मीर में बारिश के चलते हुई लैंडस्लाइड के कारण कई मुख्य मार्ग पर यातायात बुरी तरह से प्रभावित हो गए हैं।

मैदानी इलाकों की बात करें तो राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में बारिश के चलते लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। हालांकि अभी इस पूरे हफ्ते बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं पंजाब में कई शहर जलमग्न हो चुके हैं। पंजाब में सबसे अधिक एनडीआरएफ की टीम तैनात की गई है। हरियाणा में भी मौजूद नदियों का जलस्तर बढ़ने के कारण बाढ़ का संकट गहरा गया है। वहीं बिहार के कई जिलों में बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं झारखंड में मौसम विभाग ने राज्य के 8 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 13 जुलाई तक इन जिलों में मूसलाधार बारिश होगी।

आज इन राज्यों में हो सकती है भारी बारिश

स्काईमेट वेदर की रिपोर्ट के मुताबिक आज पूर्वोत्तर भारत में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। उत्तराखंड, पश्चिम मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और बिहार के कुछ हिस्सों में माध्यम से भारी बारिश के साथ कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। पूर्वी राजस्थान, विदर्भ, झारखंड, ओडिशा, पश्चिमी तट पर भी अच्छी बारिश हो सकती है।

दिल्ली में 15 और 16 जुलाई के लिए येलो अलर्ट जारी

राजधानी दिल्ली में बीते मंगलवार को लोगों को बारिश से थोड़ी राहत मिली। हालांकि कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी हुई। लेकिन आसमान साफ नजर आया है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में अगले 6 दिन बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है। इस दौरान 15 और 16 जुलाई को मध्यम श्रेणी की बारिश होने की संभावना जताई है। इसे लेकर दोनों दिन के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

झारखंड के इन 8 जिलों में येलो अलर्ट जारी

झारखंड में मौसम विभाग ने राज्य के 8 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक 13 जुलाई तक इन सभी जिलों में मूसलाधार बारिश होगी। मौसम विभाग ने देवघर, धनबाद, दुमका, गिरीडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज शामिल है। हालांकि अभी तक झारखंड में मानसून का प्रभाव देखने को नहीं मिला है।

हिमाचल में आज से बारिश की तीव्रता में आएगी कमी

हिमाचल प्रदेश में लैंडस्लाइड के चलते मंगलवार सुबह 10 बजे तक 1239 सड़कें यातायात के लिए बाधित थीं। 2577 बिजली ट्रांसफार्मर और 1418 जल आपूर्ति योजनाएं भी बंद पड़ी हैं। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में 12 जुलाई से राहत मिलने की उम्मीद है। इस दौरान बारिश की तीव्रता में कमी आने की संभावना है। 17 जुलाई तक प्रदेश के कई भागों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। 15 जुलाई के लिए एक-दो जगहों पर भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी हुआ है। वहीं शिमला, सिरमौर और किन्नौर में 24 घंटे के लिए बाढ़ आने की आशंका जताई गई है।

पुलिस ने लोगों से की नदी-नालों से दूर रहने की अपील

हिमाचल प्रदेश के नूरपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण 11 जुलाई की शाम 6 बजे से 12 जुलाई की शाम 3 बजे तक पंडोह बांध (मंडी) से पानी छोड़ा जाएगा। लोगों से अपील है कि वे अगले कुछ दिनों तक निचले इलाकों जैसे नदी, नालों और बांध क्षेत्रों के पास न जाएं।