साहित्य अकादेमी पुरस्कार 2023: हिंदी के लिए संजीव, अंग्रेजी के लिए नीलम शरण गौर, और उर्दू के लिए सादिक़ा नवाब सहर पुरस्कृत


हिंदी के लिए संजीव (मुझे पहचानो, उपन्यास), अंग्रेजी के लिए नीलम शरण गौर (रेक्युम इन रागा जानकी,उपन्यास), पंजाबी के लिए स्वर्णजीत सवी (मन दी चिप, कविता-संग्रह) और उर्दू के लिए सादिक़ा नवाब सहर (राजदेव की अमराई, उपन्यास) पुरस्कृत किए गए हैं।


नागरिक न्यूज नागरिक न्यूज
देश Updated On :

नई दिल्ली। साहित्य अकादेमी द्वारा आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में आज साहित्य अकादेमी पुरस्कार 2023 की घोषणा की गई। साहित्य अकादेमी के सचिव डॉ. के. श्रीनिवासराव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए बताया कि साहित्य अकादेमी पुरस्कार 2023 सभी चौबीस भारतीय भाषाओं के लिए घोषित किए गए हैं, जिनमें 9 कविता-संग्रह, 6 उपन्यास, 5 कहानी-संग्रह, 3 निबंध, तथा 1 आलोचना की पुस्तक शामिल हैं। पुरस्कारों की अनुशंसा 24 भारतीय भाषाओं की निर्णायक समिति द्वारा की गई तथा साहित्य अकादेमी के अध्यक्ष माधव कौशिक की अध्यक्षता में आयोजित अकादेमी के कार्यकारी मंडल की बैठक में आज इन्हें अनुमोदित किया गया।

हिंदी के लिए संजीव (मुझे पहचानो, उपन्यास), अंग्रेजी के लिए नीलम शरण गौर (रेक्युम इन रागा जानकी,उपन्यास), पंजाबी के लिए स्वर्णजीत सवी (मन दी चिप, कविता-संग्रह) और उर्दू के लिए सादिक़ा नवाब सहर (राजदेव की अमराई, उपन्यास) पुरस्कृत किए गए हैं, अन्य पुरस्कार विजेता हैं –

कविता के लिए पुरस्कृत लेखक हैं: विजय वर्मा (डोगरी), विनोद जोशी (गुजराती),  मंशूर बनिहाली (कश्मीरी), सोरोख्खैबम गंभिनी (मणिपुरी), आशुतोष परिडा (ओड़िआ), स्वर्णजीत सवी (पंजाबी), गजेसिंह राजपुरोहित (राजस्थानी), अरुण रंजन मिश्र (संस्कृत), विनोद आसुदानी (सिंधी)।

उपन्यास के पुरस्कृत लेखक हैं: स्वपनमय चक्रबर्ती (बाङ्ला), कृष्णात खोत (मराठी), राजशेखरन (देवीभारती) (तमिऴ)।

पुरस्कृत कहानी-संग्रह हैं: प्रणवज्योति डेका (असमिया), नंदेश्वर दैमारि (बोडो), प्रकाश एस. पर्येंकार (कोंकणी), तारासीन बासकी (तुरिया चंद बासकी) (संताली), टी. पतंजलि शास्त्री (तेलुगु)।

निबंध के लिए पुरस्कृत लेखक हैं: लक्ष्मीशा तोल्पडि (कन्नड), बासुकीनाथ झा (मैथिली), युद्धवीर राणा (नेपाली)। आलोचना के लिए पुरस्कृत हैं: ई.वी. रामकृृष्णन (मलयाळम्)।

पुरस्कार स्वरूप एक उत्कीर्ण ताम्रफलक, शॉल और एक लाख रुपये की राशि पुरस्कृत लेखकों को कमानी ऑडिटोरियम, कॉपरनिकस मार्ग, नई दिल्ली- 110001 में 12 मार्च 2024 को आयोजित एक भव्य समारोह में प्रदान किए जाएँगे।

इन पुस्तकों को संबंधित भाषा के त्रि-सदस्यीय निर्णायक मंडल ने निर्धारित चयन-प्रक्रिया का पालन करते हुए पुरस्कार के लिए चुना है। नियमानुसार कार्यकारी मंडल ने निर्णायकों के बहुमत अथवा सर्वसम्मति के आधार पर चयनित पुस्तकों के लिए पुरस्कारों की घोषणा की है। ये पुरस्कार, पुरस्कार-वर्ष से पिछले पाँच वर्ष (यानी, 1 जनवरी 2017 से 31 दिसंबर 2021 के दौरान) पहली बार प्रकाशित पुस्तकों पर दिए गए हैं।