सायोनी घोष, यूसुफ पठान, TMC के वो 19 बागी सांसद कौन?

पश्चिम बंगाल में हार के बाद टीएमसी के करीब 20 सांसदों के बागी होने की चर्चाएं चल रही हैं। इसी बीच एक नई लिस्ट सामने आई है, जिसमें 19 एमपी के साइन हैं। सूची में सायोनी घोष और यूसुफ पठान का नाम भी शामिल है। सूत्रों के अनुसार इन्होंने 18 मई को लोकसभा अध्यक्ष के कार्यालय को अपने नाम भेजे थे। पहले कई मीडिया रिपोर्ट्स में खबरें सामने आई थीं कि शत्रुघ्न सिन्हा का नाम भी ममता बनर्जी से बगावत करने वाले सांसदों की लिस्ट में शामिल है, लेकिन नई लिस्ट से उनका नाम गायब है।

लिस्ट में कौन कौन से टीएमसी एमपी के नाम?

  1. काकोली घोष
  2. शताब्दी रॉय
  3. बापी हलदर
  4. डॉ शर्मिला सरकार
  5. प्रसून बंद्योपाध्याय
  6. जगदीश बर्मा बसुनिया
  7. असित कुमार मल
  8. अरूप चक्रवर्ती
  9. रचना बनर्जी
  10. सायोनी घोष
  11. खलीलुर्रहमान
  12. अबू ताहिर खान
  13. यूसुफ़ पठान
  14. मिताली बैग
  15. माला रॉय
  16. कालीपद सोरेन
  17. दीपक अधिकारी
  18. जून मालिया
  19. पार्थ भौमिक

बागियों की लिस्ट में जो नाम सबसे ज्यादा हैरान करने वाला है, वह है सायोनी घोष का। उनको अभिषेक बनर्जी का करीबी बताया जाता है। साथ ही वह पार्टी के लोकप्रिय चेहरे के तौर पर उभरी हैं, ऐसे में अगर वह भी बागी गुट के साथ जाती हैं तो यह ममता बनर्जी के लिए बड़ा झटका होगा। सायोनी जादवपुर सीट से लोकसभा सांसद हैं। सूत्रों के मुताबिक हाल ही में उन्होंने पार्टी में मची सियासी उथल-पुथल के बीच काकोली घोष से संपर्क किया था।

इससे पहले गुरुवार (11 जून) को टीएमसी सांसद कीर्ति आजाद ने बगावत की अटकलों और टीएमसी छोड़ने वाले नेताओं की लिस्ट पर बने सस्पेंस को लेकर न्यूज एजेंसी से बातचीत में कहा, ‘हर दिन एक नई लिस्ट सामने आती है। एक दिन 19 नाम होते हैं, अगले दिन तीन नाम बदल दिए जाते हैं और फिर अलग नामों वाली एक और लिस्ट आ जाती है। ये लिस्ट बदलती रहती हैं और इनकी कोई विश्वसनीयता नहीं है।’

उन्होंने आगे कहा, ‘अगर कोई जाना चाहता है, तो वह जा सकता है। लेकिन पार्टी छोड़ने के बाद उन्हें तृणमूल कांग्रेस का प्रतिनिधित्व करने का दावा नहीं करना चाहिए। अगर उनका इरादा भाजपा में शामिल होने या उसमें विलय करने का है, तो उन्हें खुलकर ऐसा करना चाहिए।’

First Published on: June 12, 2026 11:26 AM
Exit mobile version