सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक इस समय दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती हैं। दिल्ली पुलिस द्वारा उन्हें शनिवार (18 जुलाई) को प्रदर्शन स्थल से उठाकर ले जाया गया। बता दें कि सोमवार (20 जुलाई) को सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल को लेकर संसद मार्च का ऐलान किया गया था। अब इस बीच सोनम वांगचुक ने देश के नाम अपना संदेश साझा किया है।
सोनम वांगचुक ने अपनी पत्नी के जरिए यह संदेश भेजा है। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने लिखा, ” 20 जुलाई… आजादी का दूसरा आंदोलन…भय मुक्त भारत, अन्याय मुक्त भारत।” उन्होंने आगे लिखा, “अन्याय से आजादी (जैसे पेपर लीक), डर से आजादी जैसे (मेरी गैर-कानूनी हिरासत), भारत का दूसरा आजादी का आंदोलन, संसद तक मार्च प्लीज इसे बड़ी कामयाबी दिलाएं।”
पोस्ट के आखिर में लिखा, “सफदरजंग में मेरी अवैध हिरासत से गीतांजलि के जरिए संदेश भेजा गया।” बता दें कि शनिवार को सोनम वांगचुक को अस्पताल भेजे जाने के बाद उनकी पत्नी गीतांजलि आंग्मों सफदरजंग अस्पताल पहुंची थी। हालांकि उन्होंने दिल्ली पुलिस पर फोन अंदर न ले जाने और मिलने न देने का आरोप लगाया था।
सोनम वांगचुक इस समय दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल की इमरजेंसी बिल्डिंग के 8वीं फ्लोर पर भर्ती हैं। जहां पर दिल्ली सख्त पहरा दे रही है। अस्पताल प्रशासन द्वारा उनकी हेल्थ को लेकर रविवार (19 जुलाई) की सुबह बुलेटिन जारी किया गया है। बुलेटिन में बताया गया है कि उनकी हालत फिलहाल स्थिर है। लंबे समय से भूख हड़ताल पर बैठने की वजह से उनके शरीर पर प्रभाव देखने को मिल रहा है।
वीएमएमसी एवं सफदरजंग अस्पताल के डॉक्टरों के साथ-साथ एम्स दिल्ली के विशेषज्ञों की राय है कि सोनम वांगचुक की 24 घंटे क्लिनिकल मॉनिटरिंग और निरंतर मेडिकल इंटरवेंशन जरूरी है। क्लिनिकल स्थिति और ब्लड पैरामीटर्स पर लगातार नजर रखी जा रही है।
