सोना तस्करी मामले में एयर इंडिया के कर्मचारी सहित तीन गिरफ्तार

नई दिल्ली। सीमा शुल्क अधिकारियों ने सोने की कथित तस्करी के मामले में एअर इंडिया एसएटीएस (एआई एसएटीएस) स्टाफ के दो अधिकारियों सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

इस सोने की कीमत 72.5 लाख रुपये आंकी गई है। आधिकारिक बयान के अनुसार सोमवार को अबू धाबी से आए एक यात्री को सीमा शुल्क अधिकारियों ने रोका था।

सीमा शुल्क विभाग की ओर से जारी किए गए एक बयान के अनुसार, ‘‘पूछताछ के दौरान, उसने रासायनिक पेस्ट के दो चांदी के रंग के पैकेट, जिसमें लगभग 1.48 किलोग्राम सोना था, उसे विमान के शौचालय में छिपाने की बात स्वीकार की।’’

जांच के दौरान ‘एअर इंडिया एसएटीएस’ के एक कर्मी को सीमा शुल्क अधिकारियों ने अन्य एक एआईएसएटीएस कर्मी को पैकेट देते पकड़ा। एआईएसएटीएस एअर इंडिया (एआई) और सिंगापुर एयरपोर्ट टर्मिनल सर्विसेज (एसएटीएस) का एक संयुक्त उद्यम है।

उसने बताया कि तीनों को गिरफ्तार किया जा चुका है और 72.5 लाख रुपये का सोना जब्त किया गया है। पूछताछ के दौरान यात्री ने अपनी पूर्व तीन यात्राओं के दौरान 2.17 करोड़ रुपये के सोने की तस्करी करने की बात स्वीकार की है।

First Published on: November 25, 2020 12:21 PM
Exit mobile version