
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश की कांग्रेस प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने सरकारी विभागों में रिक्त विभिन्न पदों की भर्तियों को लेकर सरकार की नीतियों की तीखी आलोचना की है। प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार निजी क्षेत्रों में कर्मचारियों की छंटनी और सरकारी क्षेत्रो में भर्तियों में रोक लगा युवाओं की जिंदगियों को बर्बाद कर रही है।
प्रियंका गांधी ने दावा किया, ‘‘भर्ती निकले तो परीक्षा नहीं, परीक्षा हो तो परिणाम नहीं, परिणाम आ जाए तो नियुक्ति नहीं। निजी क्षेत्र में छंटनी और सरकारी में भर्तियों पर ताला लगने से युवाओं का भविष्य बर्बाद हो रहा है लेकिन सरकार सच पर पर्दा डालने के लिए विज्ञापनों और भाषणों में झूठ परोस रही है।’’
2017- SSC CGL की भर्तियों में अभी तक नियुक्ति नहीं हुई।
2018- CGL परीक्षा का रिजल्ट तक नहीं आया।
2019- CGL की परीक्षा ही नहीं हुई।
2020- SSC CGL की भर्तियां निकाली ही नहीं।
भर्ती निकले तो परीक्षा नहीं
परीक्षा हो तो रिजल्ट नहीं
रिजल्ट आ जाये तो नियुक्ति नहीं pic.twitter.com/0wrPPPqk1s— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) September 4, 2020
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कई आरोप लगाया। अपने ट्वीट में प्रियंका गांधी ने कहा, ‘‘2017- एसएससी सीजीएल (संयुक्त स्नातक स्तर) की भर्तियों में अभी तक नियुक्ति नहीं हुई। 2018- सीजीएल परीक्षा का परिणाम तक नहीं आया। 2019- सीजीएल की परीक्षा ही नहीं हुई। 2020- एसएससी सीजीएल की भर्तियां निकाली ही नहीं।’
राहुल गांधी ने भी सरकार पर साधा निशाना
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बेरोजगारी की स्थिति और कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) तथा कुछ अन्य परीक्षाओं के परिणाम में कथित विलंब को लेकर शुक्रवार को सरकार पर निशाना साधा और कहा कि सरकार को युवाओं के रोजगार से जुड़ी इन समस्याओं का समाधान करना चाहिए।
मोदी सरकार,
रोज़गार, बहाली, परीक्षा के परिणाम दो,
देश के युवाओं की समस्या का समाधान दो।https://t.co/dUnMicC8mN— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) September 4, 2020
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘ मोदी सरकार, रोज़गार, बहाली, परीक्षा के परिणाम दो, देश के युवाओं की समस्या का समाधान दो।’’