उत्तरकाशी हिमस्खलन : बचाव अभियान फिर शुरू, 6 लोग सुरक्षित निकाले गए : आईटीबीपी

उत्तरकाशी में द्रौपदी का डांडा-2 में हुए हिमस्खलन में फंसे लोगों की तलाश और बचाव अभियान फिर से शुरू किया गया है। बुधवार सुबह 6 घायलों को सुरक्षित निकाला गया।

नई दिल्ली। उत्तरकाशी में द्रौपदी का डांडा-2 में हुए हिमस्खलन में फंसे लोगों की तलाश और बचाव अभियान फिर से शुरू किया गया है। बुधवार सुबह 6 घायलों को सुरक्षित निकाला गया। अभी भी 25 से ज्यादा लोग फंसे हुए हैं। यह जानकारी आईटीबीपी ने दी। आईटीबीपी ने बताया, “उत्तरकाशी के डोकरानी बामक ग्लेशियर में द्रौपदी का डांडा शिखर पर फंसे नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के लापता प्रशिक्षुओं को खोजने के लिए बुधवार को दूसरे दिन का सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। आज सुबह 6 लोगों को निकालकर आईटीबीपी के मातली बेस पर लाया गया है। बाकी फंसे लोगों को निकालने का काम भी लगातार चल रहा है।”

बताया गया है कि सभी निकाले गए घायलों को प्रथम उपचार देकर उत्तरकाशी के जिला अस्पताल भेजा जा रहा है। अभी भी 25 से ज्यादा लोग फंसे हुए हैं। इनमें से कई लोग अब भी लापता हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन में सेना, आईटीबीपी समेत कई एजेंसियों की मदद ली जा रही है।

गौरतलब है कि उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में द्रौपदी का डांडा-2 शिखर पर मंगलवार को नेहरू पर्वतारोहण संस्थान की 41 सदस्यीय टीम के हिमस्खलन की चपेट में आने के बाद वहां कई शव देखे गए। हालांकि राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने अभी तक चार व्यक्तियों की मौत होने की पुष्टि की है।

First Published on: October 5, 2022 12:39 PM
Exit mobile version