उपराष्ट्रपति नायडू व पीएम मोदी ने अजीत सिंह के निधन पर दुख जताया, कृषि क्षेत्र में उनके योगदान को किया याद

भास्कर न्यूज ऑनलाइन भास्कर न्यूज ऑनलाइन
देश Updated On :

नई दिल्ली। उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोक दल (रालेद) के प्रमुख चौधरी अजीत सिंह के निधन पर शोक प्रकट किया और कहा कि कृषि के क्षेत्र में उनके योगदान को सदैव याद किया जाएगा।

उपराष्ट्रपति ने ट्वीट कर कहा, ‘‘पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ राजनेता चौधरी अजीत सिंह के असामयिक निधन का समाचार पा कर दुखी हूं। कृषि और कृषकों की प्रगति में आपका योगदान सदैव आदरपूर्वक याद किया जाएगा। शोक की इस घड़ी में मेरी प्रार्थनाएं और संवेदनाएं उनके परिजनों व सहयोगियों के साथ हैं। मेरी विनम्र श्रद्धांजलि।’’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के मुखिया चौधरी अजीत सिंह के निधन पर बृहस्पतिवार को शोक जताया और कहा कि वह हमेशा किसानों के कल्याण के लिए समर्पित रहे। चौधरी अजीत सिंह 20 अप्रैल को कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए थे।

मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। वे हमेशा किसानों के हित में समर्पित रहे। उन्होंने केंद्र में कई विभागों की जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों और प्रशंसकों के साथ हैं।’’

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रालोद प्रमुख अजीत सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर कहा कि ‘पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं जुझारू किसान नेता चौधरी अजीत सिंह जी का निधन अत्यंत दुःखद है। उन्हें विनम्र श्रद्धाजंलि। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने परम धाम में स्थान व शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति।’

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव अजीत सिंह के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट किया किसानों और मजदूरों के मसीहा,पूर्व केंद्रीय मंत्री, आरएलडी प्रमुख चौधरी अजीत सिंह जी का आकस्मिक निधन, अपूरणीय क्षति। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति एवं शोक संतप्त परिजनों को दुख की इस घड़ी में संबल प्रदान करे। अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि।

बसपा प्रमुख मायावती ने ट्वीट किया राष्ट्रीय लोकदल (आर.एल.डी.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व केद्रीय मंत्री एवं पूर्व सांसद तथा अपने समाज के लोकप्रिय नेता चैधरी अजित सिंह के निधन की खबर अति-दुःखद। उनके परिवार व उनके समस्त चाहने वालों के प्रति मेरी गहरी संवेदना। कुदरत उन सबको इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करे।

चौधरी अजीत सिंह 20 अप्रैल को कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए थे। उनके पुत्र व मथुरा के पूर्व सांसद जयंत चौधरी ने आज उनके निधन की जानकारी दी। गुरुग्राम के निजी अस्पताल में सिंह का इलाज चल रहा था। उन्होंने अपने पिता की एक तस्वीर के साथ ट्वीट किया, ‘‘चौधरी साहब नहीं रहे।’’ अजीत सिंह ने आईआईटी खड़गपुर से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी।