आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत बनाम पाकिस्तान मैच पर काले बादल अभी भी छाए हुए हैं। इस टूर्नामेंट में भारत के खिलाफ मैच खेलने से पाकिस्तान ने इनकार कर दिया है। हालांकि अभी तक पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने इसको लेकर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) को लिखित तौर पर जानकारी नहीं दी है। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही हैं कि 15 फरवरी को भारत बनाम पाकिस्तान मैच देखने को मिलेगा।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सबसे बड़े भारत बनाम पाक मैच को कराने के लिए आईसीसी भी हर संभव प्रयास कर रहा है। रविवार यानी 8 फरवरी को आईसीसी और पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी की मीटिंग हुई, जिसमें बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के अध्यक्ष भी शामिल थे। पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच बॉयकॉट खत्म करने के लिए आईसीसी के सामने तीन बड़ी डिमांड रखी है। इनमें से एक डिमांड ऐसी है जिसके लिए भारत कभी नहीं मानेगा।
टेलीकॉम एशिया स्पोर्ट की एक रिपोर्ट के अनुसार, पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी ने भारत के खिलाफ मैच का बॉयकॉट कॉल खत्म करने के लिए आईसीसी के सामने तीन शर्तें रखीं हैं। उन्होंने वर्ल्ड बॉडी से ज्यादा रेवेन्यू शेयर की मांग की और भारत के साथ बाइलेटरल क्रिकेट फिर से शुरू करने की भी मांग की है। इसके अलावा, उन्होंने ये भी मांग रखा है कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय खिलाड़ी पाकिस्तान के खिलाड़ियों से हाथ मिलाएं।
पहली डिमांड – पाकिस्तान को वर्ल्ड बॉडी से ज्यादा रेवेन्यू चाहिए।
दूसरी डिमांड – भारत के साथ बाइलेटरल क्रिकेट फिर से शुरू हो।
तीसरी डिमांड – टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय खिलाड़ी पाकिस्तान के खिलाड़ियों से हाथ मिलाएं
पाकिस्तान द्वारा आईसीसी के सामने रखीं दूसरी डिमांड के लिए भारत कभी नहीं मानेगा। भारत और पाकिस्तान के बीच आखिरी बार द्वीपक्षीय सीरीज साल 2012 में खेली गई थी। राजनीतिक तनाव के चलते पिछले 16 सालों से दोनों टीमें सिर्फ आईसीसी टूर्नामेंट में ही एक-दूसरे के खिलाफ खेलती हैं। पिछले साल भारत में हुए पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद भारत का पाकिस्तान के खिलाफ रुख और सख्त हो गया है। इस हमले के बाद एशिया कप 2025 से ही टीम इंडिया ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाना भी बंद कर दिया है। पाकिस्तान की बाकी दो डिमांड भले ही पूरी हो जाए, लेकिन बाइलेटरल सीरीज का फिर से शुरू होना काफी मुश्किल लग रहा है।
