एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन के साथ मेट्रो की सभी सेवाएं शुरु

नई दिल्ली। कोरोना काल के दौरान अनलॉक-4 में राष्ट्र्रीय राजधानी दिल्ली में एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन के साथ मेट्रो की सभी सेवाएं शुरु हो गयी हैं। मेट्रो की सभी लाइनों पर मेट्रो रेल सेवा शनिवार से बहाल हो गईं। एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन कोरोना के कारण 170 दिन से भी अधिक समय से बंद थी।

मेट्रो नेटवर्क की सभी लाइनों पर ट्रेनों की आवाजाही शुरु होने के साथ ही इनका समय भी बढ़ा दिया गया है। अब मेट्रो पहले की तरह ही सुबह छह बजे से रात 11 बजे तक चलेगी। DMRC ने ट्वीट किया, एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर मेट्रो सेवा शुरु होने के साथ ही अब दिल्ली मेट्रो नेटवर्क की सभी लाइनों पर परिचालन शुरु हो गया है। यात्रा के दौरान दिशा-निर्देशों का पालन करें।

सोमवार को दिल्ली मेट्रो ने येलो लाइन और रैपिड मेट्रो पर सीमित परिचालन शुरू किया था। मेट्रो सेवाएं कोरोना वायरस महामारी को फैलने से रोकने के लिए 22 मार्च से बंद कर दी गई थीं। गृह मंत्रालय ने दिल्ली मेट्रो के परिचालन की चरणबद्ध बहाली के लिए हाल में दिशा निर्देश जारी किए थे जिसके बाद डीएमआरसी ने कहा था कि सेवाएं सात से 12 सितंबर के बीच तीन चरणों में शुरू की जाएगी।

First Published on: September 12, 2020 11:34 AM
Exit mobile version