भरत तिवारी एनकाउंटर: STF जवान गिरफ्तार, हथियार डालने के बाद भी गोली चलाने का आरोप

बिहार के भोजपुर में हुए चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर केस में बड़ा अपडेट सामने आया है। सूत्रों के हवाले से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस ने आरोपी STF के जवान को गिरफ्तार कर लिया है। परिजनों ने जवान पर हथियार डालने के बाद भी गोली चलाने का आरोप लगाया था।

सूत्रों के अनसुार गोली चलाने का आरोपी STF जवान को पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है। बता दें कि 17 जून को भरत तिवारी का एनकाउंटर हुआ था। भरत तिवारी का पुलिस के सामने हथियार डालने का वीडियो सामने आया था। इसके बावजूद उसका एनकाउंटर कर दिया गया। फिलहाल मामले में एसटीएफ जवान की गिरफ्तारी की अधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

बीती 17 जून की सुबह डीएसपी और थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम उनके घर पहुंची थी और भरत तिवारी को अपने साथ लेकर जवईनिया बाढ़ विस्थापितों के लिए आवंटित जमीन वाले इलाके में गई थी। भरत तिवारी की मां आशा देवी ने दावा किया था कि भरत तिवारी उस क्षेत्र की समस्याओं को लगातार फेसबुक लाइव के माध्यम से उठा रहा था।

एफआईआर में आरोप लगाया गया था कि घटनास्थल पर पहुंचने के बाद भरत तिवारी ने पुलिस के सामने अपना हथियार फेंक दिया था और आत्मसमर्पण कर दिया था। इसके बावजूद पुलिसकर्मियों ने उसे धक्का देकर एक गड्ढे में गिरा दिया और फिर उस पर गोलियां चला दीं।

मृतक की मां ने आरोप लगाया था कि उनके पुत्र को पांच गोलियां मारी गईं, जिससे उसकी मौत हो गई। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया था कि भरत तिवारी के पिता काशीनाथ तिवारी को भी शाहपुर पुलिस ने दो दिनों तक थाने में बंद रखा था। पुलिस ने मां के आवेदन के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था।

बताया गया कि इस मामले की जांच इंस्पेक्टर संजीव कुमार को सौंपी गई थी। उल्लेखनीय है कि एनकाउंटर के बाद शाहपुर के तत्कालीन थानाध्यक्ष राजेश मालाकार समेत पांच पुलिसकर्मियों को पहले ही निलंबित कर दिया गया था।

First Published on: July 31, 2026 9:52 AM
Exit mobile version