पटना। बिहार सरकार ने कोरोना वायरस संक्रमण के मद्देनजर राज्य में पहले से लागू लॉकडाउन की अवधि आठ जून तक के लिए बढा दी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को ट्वीट किया, ‘‘कोरोना वायरस संक्रमण को देखते हुए लॉकडाउन को एक सप्ताह अर्थात 8 जून, 2021 तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
कोरोना संक्रमण को देखते हुए लॉकडाउन को एक सप्ताह अर्थात 8 जून, 2021 तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। परन्तु व्यापार के लिए अतिरिक्त छूट दी जा रही है।
सभी लोग मास्क पहनें और सामाजिक दूरी बनाए रखें।— Nitish Kumar (@NitishKumar) May 31, 2021
राज्य में संक्रमण के बढ़ते मामलों के मद्देनजर मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में चार मई को हुई आपदा प्रबंधन समूह की बैठक में 05 से 15 मई तक लॉकडाउन लगाने का निर्णय लिया गया था, जिसे बाद में बढ़ाकर 25 मई और फिर 31 मई तक कर दिया गया था।
बिहार में कोरोना वायरस संक्रमण के कारण रविवार को और 52 लोगों की मौत होने के साथ ही राज्य में संक्रमण से मरे वालों की संख्या 5104 हो गयी है। प्रदेश में वर्तमान में कोविड के उपचाराधीन मरीजों की संख्या 18,377 है और अभी तक राज्य में कुल 7,05,648 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।









