बांकीपुर उपचुनाव की हलचल तेज, आज नामांकन भरेंगे RJD और BJP उम्मीदवार

बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव का बिगुल बज चुका है, बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार अभिषेक कुमार और राष्ट्रीय जनता दल प्रत्याशी रेखा गुप्ता अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। इस दौरान एनडीए और महागठबंधन के बड़े नेताओं की मौजूदगी रहेगी।

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए बीजेपी प्रत्याशी अभिषेक कुमार आज नामांकन दाखिल करेंगे। वह सुबह 9:30 बजे बोरिंग रोड स्थित अपने आवास से रवाना होंगे। सबसे पहले वह शास्त्रीनगर स्थित नवीन सिन्हा पार्क पहुंचकर पूर्व विधायक नवीन किशोर सिन्हा (नितिन नवीन के पिता) की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे।

इसके बाद राजवंशी नगर स्थित हनुमान मंदिर, व बांस घाट काली मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे, उसके बाद सुबह 11 बजे वह पटना कलेक्ट्रेट पहुंचकर नामांकन दाखिल करेंगे। नामांकन को शक्ति प्रदर्शन के रूप में आयोजित करने की तैयारी है।

वहीं, राष्ट्रीय जनता दल की प्रत्याशी रेखा गुप्ता भी आज अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। रेखा गुप्ता आज 11:30 बजे पटना में समाहरणालय में नामांकन दाखिल करेंगी। महागठबंधन के तमाम दलों के प्रमुख नेता इस दौरान मौजूद रहेंगे। कांग्रेस नेता भी मौजूद रहेंगे।

हालांकि, कांग्रेस ने भी इस सीट पर ठावा ठोका था व राजद से तकरार भी देखने को मिली थी लेकिन हाई कमान से मिले आदेशानुसार कांग्रेस ने अब राजद प्रत्याशी के समर्थन का फैसला लिया है। महागठबंधन एकजुटता का प्रदर्शन करेगा। पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में महागठबंधन से राजद प्रत्याशी रेखा गुप्ता इसी सीट पर चुनाव लड़ीं थीं, हालांकि, उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

आपको बता दें कि पटना जिले की इस हाई प्रोफाइल सीट पर 30 जुलाई को वोटिंग होगी, 3 अगस्त को नतीजे आएंगे। जबकि, 6 जुलाई से नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हो गयी है, उम्मीदवार 13 जुलाई तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। बता दें कि बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्य सभा जाने से यह सीट खाली हुई थी, नितिन नवीन विधायक पद से इस्तीफा दिया था।

साल 1995 से लगातार इस सीट पर बीजेपी की ही जीत होती रही है। नितिन नवीन परिवार का कब्जा रहा है। नितिन नवीन के पिता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा यहां से लगातार 4 बार विधायक चुने गए। उनके निधन के बाद साल 2006 के उपचुनाव में नितिन नवीन जीते और तब से वह लगातार 5 बार इसी सीट से विधायक बने।

First Published on: July 9, 2026 10:45 AM
Exit mobile version