लोजपा की एक मात्र एमएलसी नूतन सिंह भाजपा में शामिल


पटना स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल और अपने पति एवं बिहार के मंत्री नीरज सिंह बबलू की मौजूदगी में नूतन सोमवार को इस दल में शामिल हुईं। बिहार के पर्यावरण मंत्री और दिवंगत बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के चचेरे भाई नीरज सिंह बबलू सुपौल जिले के छतरपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक हैं।


भाषा भाषा
बिहार Updated On :

पटना। लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के अध्यक्ष चिराग पासवान को एकबार फिर उस समय झटका लगा जब उनकी पार्टी की बिहार विधान परिषद में एक मात्र सदस्या नूतन सिंह सोमवार को भाजपा में शामिल हो गईं।

पटना स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल और अपने पति एवं बिहार के मंत्री नीरज सिंह बबलू की मौजूदगी में नूतन सोमवार को इस दल में शामिल हुईं। बिहार के पर्यावरण मंत्री और दिवंगत बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के चचेरे भाई नीरज सिंह बबलू सुपौल जिले के छतरपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक हैं।

भाजपा में शामिल होने के बाद नूतन जिनका बिहार विधान परिषद के सदस्य के तौर पर कार्यकाल इस साल जुलाई में समाप्त हो रहा है, ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि,‘‘ मेरे पति भाजपा में हैं। मुझे लगा कि अगर हम दोनों राज्य की प्रगति के लिए साथ काम करते हैं तो यह बेहतर होगा ।’’

उल्लेखनीय है कि बिहार के हालिया विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा छोड़ लोकजनशक्ति पार्टी में शामिल हुए रामेश्वर चौरसिया ने गत 17 फरवरी को लोजपा से इस्तीफा दे दिया था ।