निशांत नहीं… नीतीश कुमार जाएंगे राज्यसभा?

राज्यसभा चुनाव के बीच बिहार की सियासत एक बार फिर तेज हो गई है। कल तक चर्चा थी कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत को राज्यसभा भेजा जा सकता है। वे सियासत में एंट्री लेंगे और अब दूसरी खबर आ रही है कि खुद नीतीश कुमार ही राज्यसभा जाने की तैयारी में हैं। सूत्रों की मानें तो सारी तैयारी हो गई है। कल (गुरुवार) नीतीश कुमार राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल कर सकते हैं।

हालांकि अभी तक जेडीयू की ओर से आधिकारिक तौर पर ऐलान नहीं हुआ है। जेडीयू के प्रवक्ता अभिषेक झा का कहा है कि राज्यसभा किसे भेजना है ये पार्टी तय करेगी। जब पार्टी तय कर देगी तब हम इस पर कुछ बोल पाएंगे। जब भी नीतीश कुमार के बारे में एक अलग नैरेटिव सेट करने का प्रयास किया जाता है वो अलग स्वरूप में उभरकर आते हैं।

इस पूरे मामले में आरजेडी के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि आखिरकार बीजेपी अपने मंसूबे में सफल होती नजर आ रही है। जिस तरह से खबरें आ रही हैं कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा जाएंगे, बीजेपी का तो ये प्लान शुरू से तैयार था। इसलिए तेजस्वी यादव और हम लोग कह रहे थे कि बीजेपी बिहार में महाराष्ट्र वाला खेल करेगी।

आरजेडी नेता ने कहा, “बीजेपी नीतीश कुमार को कुर्सी से बेदखल करेगी… क्या मजबूरी है ये नहीं पता… लेकिन नीतीश कुमार जी को कुर्सी से बेदखल करने का बीजेपी का जो प्लान था उसमें वो सफल होती दिख रही है। आगे-आगे देखिए क्या होता है।”

उधर सांसद पप्पू यादव ने भी प्रतिक्रिया दी है। एक्स पर पोस्ट कर कहा, “जब जनादेश नीतीश कुमार जी को मुख्यमंत्री बनाए रखने के लिए आया था, तीन महीने में बीजेपी उसका हरण क्यों कर रही है? जनादेश का अपमान भाजपा को बहुत भारी पड़ेगी। समूल नष्ट होना तय है।”

First Published on: March 4, 2026 5:40 PM
Exit mobile version