उपचुनाव से पहले आपस में भिड़े भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं, 9 घायल

भाषा भाषा
राज्य Updated On :

धार। मध्यप्रदेश में धार जिले की बदनावर विधानसभा सीट पर तीन नवंबर को होने वाले मतदान के ठीक एक दिन पहले सोमवार को भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गयी। इसमें छह लोग मामूली तौर पर घायल हो गये।

जिला पुलिस अधीक्षक आदित्य प्रताप सिंह ने बताया कि तिलगारा में सोमवार दोपहर लगभग एक बजे चुनाव प्रचार के दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के वाहन आमने सामने आ गये । इसके बाद दो गुटों में संघर्ष हो गया।

उन्होंने बताया कि झड़प में छह लोग घायल हो गये। पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। आरोपियों में से चार लोगों की शिनाख्त कर ली गयी है। ये चारों कांग्रेस के पदाधिकारी हैं।

कांग्रेस के प्रदेश सचिव कुलदीप सिंह बुंदेला ने आरोप लगाया कि पुलिस कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को गलत तरीके से फंसा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने विवाद और हिंसा की लेकिन प्रदेश सरकार के दवाब में पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर मामला दर्ज किया।

भाजपा नेता गोविंद मालू ने कांग्रेस के आरोपों का खंडन किया और कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भाजपा के कार्यकर्ताओं पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। मध्य प्रदेश में 28 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के तहत तीन नवंबर को मतदान होगा।