केमिकल फैक्ट्री में ब्लास्ट, दो की मौत- आधा दर्जन घायल

मुंबई। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में बुधवार देर रात एक रसायन फैक्टरी में विस्फोट से दो लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, मुंबई से 70 किलोमीटर दूर स्थित खोपोली उपनगर के सजगांव औद्योगिक क्षेत्र के ढेकु में देर रात ढाई बजे के आसपास एक फैक्टरी में धमाका हुआ जिसके बाद परिसर में आग लग गई।

खोपोली पुलिस थाने के अधिकारी ने कहा कि इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। उन्होंने कहा कि अग्निशमन दल और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और उन्होंने आग बुझाने तथा बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को खोपोली स्थित सरकारी अस्पताल ले जाया गया। अधिकारी के अनुसार सुबह तक आग बुझाने का काम जारी था।

धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि 3 से 4 किलोमीटर दूर तक मौजूद लोगों ने इसको सुना। जबकि एक किलोमीटर की सीमा में आने वाले घरों और दफ्तरों के कांच टूट गए। घरों में लगे शेड भी कई जगहों पर टूटने की बात लोगों ने कही है। मौके की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन की टीमें रात भर घटनास्थल पर आग बुझाने के काम में जुटी रही।

घटना की जानकारी मिलते ही खपोली नगर परिषद, एचपीसीएल, रिलायंस, उत्तम स्टील, टाटा स्टील, कर्जत नगर परिषद और पेन नगर परिषद की 10 फायर ब्रिगेड टीमों ने मिलकर इस आग पर काबू पाया।

धमाके की आवाज सुनकर आसपास के गांव वालों ने भी घटनास्थल पर पहुंच कर मदद का हाथ बढ़ाया। आसपास की फैक्ट्रियों में काम करने वाले मजदूरों को भी सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया गया है।

First Published on: November 5, 2020 12:42 PM
Exit mobile version