कांग्रेस नेता विनय कुलकर्णी की गिरफ्तारी भाजपा नेतृत्व की खुली साजिश एवं दुर्भावनापूर्ण मंशाः कांग्रेस

सुरजेवाला नेकहा, ‘‘ कांग्रेस नेता विनय कुलकर्णी की ‘कठपुतली सीबीआई ’ द्वारा गिरफ्तारी मुख्यमंत्री येदियुरप्पा एवं भाजपा नेतृत्व की खुली साजिश एवं दुर्भावनापूर्ण मंशा को दर्शाती है।’’

कांग्रेस नेता विनय कुलकर्णी

बेंगलुरु। कर्नाटक के कांग्रेस मामलों के प्रभारी रणदीप सुरजेवाला ने हत्या के एक मामले में सीबीआई द्वारा राज्य के पूर्व मंत्री विनय कुलकर्णी की गिरफ्तारी को लेकर शनिवार को भाजपा की आलोचना की और कहा कि पार्टी कांग्रेस नेताओं का ‘पीछा करने’ के लिए ‘केंद्रीय एजेंसियों’ का दुरूपयेाग कर रही है।

कुलकर्णी को जिला पंचायत के पूर्व सदस्य योगीशगौड़ा की हत्या के सिलसिले में बृहस्पतिवार को सीबीआई ने गिरफ्तार किया था। जिला पंचायत के भाजपा सदस्य योगीशगौड़ा की 15 जून ,2016 को अज्ञात व्यक्तियों ने उनके जिम में हत्या कर दी थी। तब कुलकर्णी सिद्धरमैया की अगुवाई वाली कांग्रेस सरकार में खान एवं खनिज मंत्री थे।

सुरजेवाला ने ट्वीट किया, ‘‘ कांग्रेस नेता विनय कुलकर्णी की ‘कठपुतली सीबीआई ’ द्वारा गिरफ्तारी मुख्यमंत्री येदियुरप्पा एवं भाजपा नेतृत्व की खुली साजिश एवं दुर्भावनापूर्ण मंशा को दर्शाती है।’’

उन्होंने कहा कि येदियुरप्पा को मालूम होना चाहिए कि कांग्रेस नेता भाजपा और उसकी पिछलग्गू सीबीआई के कायरना हमलों के आगे नहीं झुकेंगे।

First Published on: November 7, 2020 6:33 PM
Exit mobile version