साढ़े पांच महीने बाद आज से फिर शुरु हुई दिल्ली मेट्रो

नई दिल्ली। कोरोना के कारण पांच महीने से अधिक समय तक बंद रहने के बाद दिल्ली मेट्रो ने सोमवार को ‘येलो लाइन’ पर अपनी सीमित सेवाएं बहाल कीं। ‘येलो लाइन’ दिल्ली के समयपुर बादली को गुडगांव के हुडा सिटी सेंटर जाती है। ये मेट्रो सेवा कुछ सिमित समय के साथ शुरु की गयी है। हालात को देखने के बाद इसके परिचालन के समय में बदलाव किया जा सकता है। DMRC की मानें तो लोगों को हिदायत के साथ जागरूक भी किया गया है।

गृह मंत्रालय ने हाल ही देश में चरणबद्ध तरीके से मेट्रो सेवाएं बहाल करने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए थे, जिसके बाद दिल्ली मेट्रो रेल निगम (DMRC) ने कहा था कि वह सात से 12 सितम्बर के बीच तीन चरणों में सेवाएं बहाल करेगा। DMRC के एक अधिकारी ने बताया कि इसके तहत, ‘येलो लाइन’ या ‘लाइन 2’ और ‘रैपिड मेट्रो’ की सेवाएं कुछ सीमित घंटों के लिए बहाल की गई हैं।

अधिकारी ने बताया कि प्रथम चरण में मेट्रो सुबह के वक्त चार घंटे, 7 बजे से 11 बजे तक और शाम को चार घंटे 4 से 8 बजे तक चलेगी। कोरोना के कारण एनसीआर में मेट्रो सेवाएं 22 मार्च से बंद थीं। डीएमआरसी ने लोगों से जरूरी होने पर ही मेट्रो का इस्तेमाल करने की अपील की है।

 

 

First Published on: September 7, 2020 1:08 PM
Exit mobile version