नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में दिल्ली पुलिस में तैनात एक SI ने अपनी प्रेमिका को गोली मार दी। घटना से कुछ देर पहले दोनों कार में जा आहे थे। बताया जाता है कि किसी बात को लेकर दोनों में अनबन हो गई थी। उत्तरी दिल्ली के अलीपुर इलाके में जीटी करनाल रोड पर घायल अवस्था में पड़ी महिला ने अपने एक मित्र पर उसे गोली मारने का आरोप लगाया है। DCP गौरव शर्मा ने कहा कि मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान संदीप दहिया (36) के रूप में हुई जो लाहौरी गेट थाने में उप निरीक्षक के पद पर तैनात है। उन्होंने कहा कि शाहबाद डेरी पुलिस थाने में तैनात उप निरीक्षक जयवीर ने जीटी करनाल रोड पर स्थित साईं मंदिर के पास से गुजरने के दौरान घायल अवस्था में पड़ी महिला को देखा।
पुलिस उपायुक्त गौरव शर्मा ने कहा कि जयवीर महिला को अस्पताल लेकर गए। महिला ने रास्ते में उन्हें बताया कि दहिया ने गोली मारी है। पुलिस ने बताया कि पिछले एक साल से महिला और आरोपी के बीच प्रेम-प्रसंग चल रहा था। उपायुक्त ने कहा कि किसी बात पर झगड़ा होने पर दहिया ने कथित तौर पर महिला को गोली मार दी। उन्होंने कहा कि महिला की हालत स्थिर है।