दिल्ली में पटाखे पर रोक के उल्लंघन के संबंध में 281 व्यक्ति गिरफ्तार किये गए

भाषा भाषा
दिल्ली Updated On :

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने 29 सितंबर से बृहस्पतिवार को दिवाली के दिन के बीच 281 लोगों को गिरफ्तार किया, जिसमें से 138 को पटाखे बेचने और आपूर्ति करने और 143 लोगों को पटाखे फोड़ने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यह जानकारी शुक्रवार को दिल्ली पुलिस द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़े से मिली।

इस दौरान कुल 19,702.489 किलोग्राम पटाखे जब्त किए गए। त्योहारी मौसम से पहले, दिल्ली सरकार ने 1 जनवरी, 2022 तक पटाखों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की घोषणा की थी।

आंकड़े के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने पटाखों की बिक्री और आपूर्ति के लिए 125 मामले दर्ज किए हैं और 29 सितंबर से बृहस्पतिवार तक 138 लोगों को गिरफ्तार किया है। उसने पटाखे फोड़ने के लिए 210 मामले दर्ज किए और 143 लोगों को गिरफ्तार किया।

दिल्ली पुलिस ने पिछले साल दिवाली की रात पीसीआर कॉल और बरामद पटाखों का डेटा जारी किया था, लेकिन इस साल ऐसा कोई डेटा नहीं दिया गया।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, उसने बच्चों में पटाखों पर प्रतिबंध के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए राष्ट्रीय राजधानी के 699 स्कूलों से संपर्क किया। उसने कहा कि शाहदरा जिले में अधिकतम 125 स्कूलों से संपर्क किया गया, इसके बाद उत्तर में 95 और बाहरी उत्तरी जिले में 83 स्कूलों से संपर्क किया गया।

निर्देशों को लागू करने के लिए कुल 706 टीमों का गठन किया गया था। सबसे अधिक 152 टीमें पूर्वी जिले में, इसके बाद उत्तर पश्चिमी जिले में 95 टीमों का गठन किया गया था।