BIRD FLU: पूर्वी दिल्ली की संजय झील में 10 बत्तक मिले मृत


संजय झील में शनिवार को 10 बत्तक मरे हुए पाए गए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। इससे एक दिन पहले मयूर विहार फेस-3 में 17 कौवे मृत मिले थे।


भाषा भाषा
दिल्ली Updated On :

नई दिल्ली । पूर्वी दिल्ली की संजय झील में शनिवार को 10 बत्तक मरे हुए पाए गए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। इससे एक दिन पहले मयूर विहार फेस-3 में 17 कौवे मृत मिले थे।

अधिकारी ने कहा कि कि झील को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। पशुपालन विभाग के डॉक्टर राकेश सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘हमें संजय झील में 10 बत्तक मृत मिले हैं, जिनके नमूनों को जांच के लिये प्रयोगशाला भेज दिया गया है।’

दिल्ली में बीते कुछ दिनों में 35 कौवों समेत कम से कम 50 पक्षी मर चुके हैं, जिससे बर्ड फ्लू का खतरा बढ़ गया है। बर्ड फ्लू की स्थिति को देखते हुए उठाए जा रहे कदमों पर, अधिकारी ने कहा कि सभी पार्क अब तक खुले हैं।

अधिकारी ने कहा, “हालांकि, हौज खास जैसी जगहों पर, जिसमें एक बड़ी झील है, जहां बहुत सारे पक्षी आते हैं, सुरक्षाकर्मी उन्हें बर्ड फ्लू के डर से जाने से बचने के लिए आगाह कर रहे हैं।”

सिंह ने इससे पहले कहा था, ‘हमें द्वारका, मयूर विहार फेस-3 और हस्तसाल विलेज में कौवों के मरने की खबर मिली थी। हालांकि अभी यह पता लगाया जा रहा है कि उनके मरने का कारण बर्ड फ्लू था या कुछ और।’ उन्होंने कहा कि पहली जांच रिपोर्ट सोमवार को आ जाएगी।

उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने शुक्रवार को अधिकारियों को प्रमुख पक्षी स्थलों, खासकर पोल्ट्री बाजार, जल निकायों, चिड़ियाघरों और अन्य संभावित आकर्षण के केंद्रों पर पक्षियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए थे।