बृजभूषण शरण सिंह बोले-‘पंजाब में AAP की सरकार कभी भी गिर सकती है’


दिल्ली विधानसभा चुनाव में आप की करारी हार और पार्टी की पंजाब इकाई में आंतरिक असंतोष की बढ़ती अटकलों के बीच बृजभूषण ने दावा किया कि आप के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल अब कभी कोई चुनाव नहीं जीतेंगे।


नागरिक न्यूज नागरिक न्यूज
दिल्ली Updated On :

दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को मिली करारी शिकस्त के बाद उसके अस्तित्व पर संकट मंडराने के कयास लगाए जाने लगे हैं। पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने तो यह तक दावा कर दिया है कि पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार कभी भी गिर सकती है। उन्होंने यह भी कहा है कि अरविंद केजरीवाल फिर कभी चुनाव नहीं जीत पाएंगे।

उत्तर प्रदेश के निपानिया में सोमवार (10 फरवरी) को पूर्व भाजपा विधायक दशरथ सिंह की प्रतिमा के अनावरण के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बृजभूषण सिंह ने कहा, ‘मैं भविष्यवाणी नहीं करता, लेकिन आज मैं कह रहा हूं कि केजरीवाल और आम आदमी पार्टी का भविष्य संकट में है। पंजाब में आप सरकार कभी भी गिर सकती है।’

दिल्ली विधानसभा चुनाव में आप की करारी हार और पार्टी की पंजाब इकाई में आंतरिक असंतोष की बढ़ती अटकलों के बीच बृजभूषण ने दावा किया कि आप के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल अब कभी कोई चुनाव नहीं जीतेंगे।

दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को 48 सीटें मिली जबकि आम आदमी पार्टी महज 22 सीटों पर सिमट गई। पिछले दो चुनावों में दिल्ली की 70 में से 60+ सीटें जीतकर सत्ता में रहने वाली AAP के लिए यह चुनाव नतीजें पूरी तरह झकझोर देने वाले रहे। दरअसल, AAP के कई बड़े नेताओं को इस चुनाव में हार मिली। मनीष सिसोदिया, सौरभ भारद्वाज और सत्येंद्र जैन के साथ-साथ खुद अरविंद केजरीवाल चुनाव हार गए।

बृजभूषण शरण सिंह लंबे समय तक भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष रहे हैं। वह छह बार के सांसद भी रहे हैं। वे 1991 में पहली बार लोकसभा चुनाव जीतकर सांसद बने थे। इसके बाद बृज भूषण सिंह ने 1999, 2004, 2009, 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में भी जीत दर्ज की। साल 2011 से 2023 तक वह कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष भी रहे। साल 2022 में उन पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगे। विनेश फोगाट समेत कई महिला और पुरुष खिलाड़ी उनके खिलाफ धरने पर भी बैठे। इन्हीं आरोपों के चलते उन्हें भारतीय कुश्ती महासंघ का अध्यक्ष पद गंवाना पड़ा। बाद में उन्हें लोकसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी से टिकट भी नहीं मिला।



Related