शीत लहर से दिल्ली में बढ़ी ठंड, पारा 3.4 डिग्री पहुंचा

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी रहा और न्यूनतम तापमान गिरकर 3.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जो कि इस मौसम में अब तक का सबसे कम तापमान है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, सफदरजंग वेधशाला में रविवार सुबह तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे 3.4 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। लोधी रोड में तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

आईएमडी की ओर से बताया गया कि बर्फ से ढके पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र से चलने वाली बर्फीली हवाओं के कारण शहर में ठंड का प्रकोप बरकरार है। शुक्रवार को जाफरपुर मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 2.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

शहर में बृहस्पतिवार को “बेहद” ठंडा दिन दर्ज किया गया था जब अधिकतम तापमान गिरकर 15.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था जो कि सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस कम था और इस मौसम का सबसे कम तापमान था। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और शनिवार को यह 21.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

आईएमडी के अनुसार “ठंडा दिन” तब होता है जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम होता है और अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 4.4 डिग्री सेल्सियस नीचे होता है।

“बेहद ठंडा दिन” तब होता है जब अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 6.5 डिग्री सेल्सियस नीचे होता है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच से छह दिन तक न्यूनतम तापमान करीब पांच डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

First Published on: December 20, 2020 12:19 PM
Exit mobile version