DUSU चुनाव: टीचर के साथ मारपीट, विरोध में उतरे मोतीलाल के शिक्षक

दिल्ली यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स यूनियन (DUSU) के आगामी चुनाव के प्रचार के आखिरी दिन कई हिंसक झड़प की खबरें सामने आई है। एक मामले में 16 सितंबर 2026 (बुधवार)  को प्रचार कर रहे एक छात्र द्वारा कथित तौर पर एक शिक्षक के साथ मारपीट किए जाने का मामला भी शामिल है।

इससे शिक्षक समुदाय में नाराजगी है। दिल्ली विश्वविद्यालय के मोतीलाल नेहरू कॉलेज (सांध्य) के शिक्षकों ने इस व्यवहार के खिलाफ बुधवार को विरोध प्रदर्शन किया। एक मामले में ABVP और NSUI के बीच झड़प सामने आई है।

शिक्षकों का क्या आरोप है?

न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, आरोप है कि साउथ कैंपस में फैकल्टी में प्रवेश के दौरान एक प्रचारक ने शिक्षक के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की। एक शिक्षक ने कहा, “DUSU के एक प्रचारक ने एक शिक्षक के साथ मारपीट की। वो गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज चल रहा है।”

शिक्षक ने कहा, “शिक्षक DUSU चुनाव के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। हम प्राथमिकी भी दर्ज कराएंगे और चुनाव संबंधी किसी भी कार्य का बहिष्कार करेंगे। छात्रों को अपनी सीमाएं समझने की जरूरत है। शिक्षकों के साथ मारपीट नहीं की जा सकती।”

उन्होंने कहा कि शिक्षकों को तत्काल यह पता नहीं चल सका कि कथित प्रचारक किस छात्र संगठन का प्रतिनिधित्व कर रहा था। यह घटना उस दिन हुई, जब DUSU चुनाव के लिए प्रचार अभियान समाप्त हुआ।

ABVP और NSUI आमने-सामने

एक और मामले में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) आमने-सामने आ गए। बुधवार को दोनों गुटों के बीच झड़प हुई। सोशल मीडिया पर भी इस झड़प का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें छात्रों के गुटों को मारपीट करते देखे जा सकते हैं। ABVP ने इस संबंध में एक प्रेस बयान जारी कर आरोप लगाया कि NSUI के कार्यकर्ता दिल्ली के हरि मंदिर में उसके सदस्यों के घर में घुस गए और उनपर एक मीटिंग के दौरान हमला किया। बयान में कहा गया है कि घटना के समय घर पर महिला छात्रा सदस्य भी मौजूद थीं।

आरोप-प्रत्यारोप जारी

ABVP ने आरोप लगाया कि हमले के बाद कई लोग मौके से भाग गए, जबकि एक व्यक्ति को उसके सदस्यों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। उन्होंने यह भी दावा किया कि पकड़े गए व्यक्ति ने माना कि वो NSUI के सोशल मीडिया कैडर का हिस्सा था।

वहीं, NSUI ने आरोप लगाया कि ABVP कार्यकर्ताओं ने उनके DUSU उम्मीदवारों, विजय शंकर मीणा और गोपाल चौधरी के घरों पर हमला किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके उम्मीदवारों को निशाना बनाने और डराने-धमकाने के लिए करीब 200 ABVP कार्यकर्ता पहुंचे थे। बता दें कि DUSU चुनाव के लिए मतदान 18 सितंबर (शुक्रवार) को होगा, जबकि मतगणना शनिवार (19 सितंबर) को की जाएगी।

First Published on: September 17, 2026 9:43 AM
Exit mobile version