दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर भीषण गर्मी का दौर शुरू होने जा रहा है। इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (आईएमडी) के ताज़ा पूर्वानुमान के अनुसार पूरे सप्ताह आसमान साफ रहेगा और तापमान लगातार बढ़ोतरी दर्ज करेगा।
आंकड़ों के अनुसार गुरुवार (16 अप्रैल से 20 अप्रैल) तक अधिकतम तापमान 36 डिग्री से बढ़कर 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान भी 21 से बढ़कर 23 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। आने वाले दिनों में पारा 40 डिग्री के करीब पहुंचने की भी आशंका जताई गई है।
दिल्ली-एनसीआर में आज का मौसम सूखा और साफ रहने वाला है। सुबह से तेज धूप का अहसास होगा। सुबह 6 बजे तापमान 23 डिग्री के करीब है। दिल्ली एनसीआर में फिलहाल बारिश के बिल्कुल भी आसार नहीं हैं। मौसम में 34 प्रतिशत नमी रहेगी। साथ ही 3 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार यानी आज 16 अप्रैल को अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री रहने का अनुमान है। शुक्रवार (17 अप्रैल) को अधिकतम तापमान 37 डिग्री तक पहुंचेगा। शनिवार 18 अप्रैल को यह 38 डिग्री और 19-20 अप्रैल तक 39 डिग्री तक जाने की संभावना है।
पूरे सप्ताह साफ आसमान रहेगा, जिससे धूप तेज होगी और गर्मी का असर और अधिक महसूस किया जाएगा। सिर्फ गर्मी ही नहीं, बल्कि वायु प्रदूषण भी चिंता का विषय बनता जा रहा है। एक्यूआई के आंकड़ों के अनुसार, एनसीआर के कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता खराब से बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई है।
दिल्ली के आनंद विहार में एक्यूआई 294, अलीपुर में 274, बवाना में 236 और मथुरा रोड पर 230 दर्ज किया गया। वहीं, कुछ क्षेत्रों जैसे अशोक विहार में 202 और चांदनी चौक में 168 एक्यूआई दर्ज हुआ, जो ‘मध्यम से खराब’ श्रेणी में आता है। ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में स्थिति और गंभीर नजर आ रही है।
ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-3 में एक्यूआई 221 दर्ज किया गया, जबकि नॉलेज पार्क-5 में यह 334 तक पहुंच गया, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में एक्यूआई 316 और वेद विहार-लोनी में 320 दर्ज किया गया है। इसके अलावा इंदिरापुरम में 238, वसुंधरा में 214 और संजय नगर में 181 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया।
विशेषज्ञों का कहना है कि बढ़ती गर्मी और स्थिर मौसम (कम हवा) के कारण प्रदूषक कण वातावरण में जमा हो जाते हैं, जिससे एक्यूआई का स्तर बढ़ जाता है। इस स्थिति में बुजुर्गों, बच्चों और सांस के मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचना चाहिए, पर्याप्त पानी पीना चाहिए और मास्क का उपयोग करना चाहिए। आने वाले दिनों में एनसीआर के लोगों को गर्मी और प्रदूषण दोनों की दोहरी मार झेलनी पड़ सकती है।
