दिल्ली में अभी और झुलसाएगी गर्मी! जानें IMD ने क्या कहा?

राजधानी दिल्ली में आने वाले दिनों में गर्मी और भी ज्यादा सितम झेलना पड़ेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार (9 जून) को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में तापमान के 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में सुबह-सुबह तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में अगले तीन दिनों में तापमान के और भी बढ़ने की संभावना है, जो संभवतः 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। आईएमडी के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी में कम से कम चार दिनों तक गर्मी और उमस की स्थिति बनी रहने की उम्मीद है, जिसके लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है।

दिन के दौरान तेज सतही हवाएं चलने की भी संभावना है, हालांकि इससे गर्मी से कोई खास राहत मिलने की संभावना नहीं है। सुबह साढ़े आठ बजे आर्द्रता का स्तर 48 प्रतिशत दर्ज किया गया। वहीं रविवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जो इस जून में अब तक का सबसे अधिक तापमान है।

दिल्ली एनसीआर और अन्य क्षेत्रों के लिए मौसम पूर्वानुमान पर आईएमडी के वैज्ञानिक अखिल श्रीवास्तव कहते हैं, “अगर हम उत्तर-पश्चिम भारत की बात करें, तो अगले चार दिनों तक, अधिकांश जगहों, खासकर मैदानी इलाकों में लू की स्थिति महसूस होने की संभावना है। दिल्ली एनसीआर में सोमवार (9 जून) और मंगलवार (10 जून) को तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहने की उम्मीद है, जिससे अलग-अलग स्थानों पर लू की स्थिति पैदा होगी।

उत्तर भारत में झुलसा देने वाली गर्मी का दौर जारी है। पूर्वी राजस्थान में, लू और गर्म रात दोनों की स्थिति बनी हुई है, इसलिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसी तरह, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश भी ऑरेंज अलर्ट के तहत हैं। जम्मू और कश्मीर के लिए, बढ़ते तापमान के कारण अगले तीन दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। उत्तरी मध्य प्रदेश भी हीटवेव की स्थिति के लिए येलो अलर्ट है।

First Published on: June 9, 2025 8:47 PM
Exit mobile version