सिंघू बॉर्डर पर एक और टिकरी बॉर्डर पर दो प्रदर्शनकारी किसानों की मौत

पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान पंजाब के संगरूर जिले के लिधरा गांव के रहने वाले शमशेर सिंह (करीब 45 वर्ष), पंजाब के बठिंडा जिले के चाउके गांव के रहने वाले जशनदीप सिंह (18) और हरियाणा के जींद के रहने वाले जगबीर सिंह (60) के तौर पर हुई है।

नई दिल्ली। केंद्र के नए कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली की सीमाओं पर प्रदर्शन कर रहे तीन और किसानों की मौत हो गई। एक किसान की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई, एक अन्य किसान बुखार से पीड़ित था जबकि तीसरे किसान की मौत का कारण पता नहीं चला है।

पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान पंजाब के संगरूर जिले के लिधरा गांव के रहने वाले शमशेर सिंह (करीब 45 वर्ष), पंजाब के बठिंडा जिले के चाउके गांव के रहने वाले जशनदीप सिंह (18) और हरियाणा के जींद के रहने वाले जगबीर सिंह (60) के तौर पर हुई है।

शमशेर सिंह सिंघू बॉर्डर पर चल रहे प्रदर्शन में शामिल थे जबकि जगबीर सिंह टीकरी बॉर्डर पर प्रदर्शन में हिस्सा ले रहे थे। शमशेर ने रविवार की सुबह सीने में दर्द होने की शिकायत की थी। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद मौत के कारणों का पता चलेगा।

बहादुरगढ़ थाने के एक अधिकारी ने बताया कि जगबीर की टिकरी बॉर्डर पर दिल का दौरा पड़ने से मौत हुई। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद शव उनके परिवार के सदस्यों को सौंप दिया गया।

पुलिस ने कहा कि जशनदीप की मौत शनिवार की शाम को हुई। वह टिकरी बॉर्डर पर आंदोलनकारी किसानों का समर्थन करने गए थे। जशनदीप बुखार से पीड़ित थे और उन्हें रोहतक के पीजीआईएमएस ले जाया गया जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।

केंद्र के तीन कृषि कानूनों के विरोध में पंजाब और हरियाणा सहित देश के विभिन्न राज्यों के किसान दिल्ली की सीमाओं पर एक महीने से अधिक समय से धरना दे रहे हैं।

इस बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने केंद्र से किसानों की मांग मान लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थिति ‘‘चिंताजनक’’ है क्योंकि पिछले 24 घंटे में कुछ प्रदर्शनकारी किसानों की मौत हो चुकी है।

First Published on: January 4, 2021 8:02 AM
Exit mobile version