ट्रैक्टर परेड के दौरान हिंसा मामले में पुलिस ने 200 लोगों को हिरासत में लिया

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने गणतंत्र दिवस पर किसानों की ट्रैक्टर परेड के दौरान भड़की हिंसा के सिलसिले में 200 लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को हुई हिंसा के सिलसिले में और लोगों को हिरासत में लिया जा सकता है और पूछताछ की जा सकती है।

गौरतलब है कि मंगलवार को दिल्ली में किसानों की ट्रैक्टर परेड के दौरान हिंसा हो गई थी। प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड तोड़ दिए और वे पुलिस से भिड़ गए थे। उपद्रवियों ने गाड़ियों को पलट दिया था और लाल किले पर धार्मिक झंडा लगा दिया था। दिल्ली ने हिंसा के संबंध में अब तक 22 प्राथमिकी दर्ज की हैं। हिंसा में 300 से ज्यादा पुलिस कर्मी जख्मी हुए हैं।

पुलिस FIR में दावा किया गया है कि इलाके में 600 ट्रैक्टरों के जरिए 10,000 से ज्यादा किसानों के दाखिल होने के बाद कई पुलिसकर्मी घायल हो गए और लोहे के 70 अवरोधकों को तोड़ दिया गया। दिल्ली पुलिस ने कहा कि प्रदर्शनकारियों ने तिलक ब्रिज से लुटियन दिल्ली में दाखिल होने का प्रयास किया जबकि इंद्रप्रस्थ इस्टेट थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर परेड आयोजित करने की अनुमति नहीं दी गयी थी।

आईटीओ एक संघर्ष क्षेत्र की तरह दिख रहा था जहां गुस्साये प्रदर्शनकारी वाहनों को क्षतिग्रस्त करते दिखे। सड़कों पर ईंट और पत्थर बिखरे पड़े थे। पुलिस ने FIR में कहा है, पुलिसकर्मी रामचरण अग्रवाल चौक, आईटीओ पर तैनात थे। दोपहर 12 बजे सरायकाले खां की तरफ से एमजीएम मार्ग पर 500 से 600 ट्रैक्टरों पर सवार होकर 9 से 10 हजार प्रदर्शनकारी आईटीओ आ गए।

First Published on: January 27, 2021 4:48 PM
Exit mobile version