जाने-माने न्यूज़ एंकर रोहित सरदाना का कोरोना से निधन

नई दिल्ली। कई टीवी चैनलों में काम कर चुके जाने-माने न्यूज एंकर रोहित सरदाना की कोरोना से मौत हो गई। लंबे समय तक जी न्यूज में एंकर रहे रोहित सरदाना इन दिनों आज तक न्यूज चैनल में एंकर के तौर पर काम कर रहे थे। न्यूज़ एंकर रोहित सरदाना का कोरोना से निधन पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी शोक व्यक्त किया है।

सिंह ने ट्वीट किया हिंदी मीडिया जगत में बहुत कम समय में अपनी बड़ी पहचान स्थापित करने वाले पत्रकार, रोहित सरदाना के निधन के समाचार से मैं स्तब्ध हूँ।  वे बेहद प्रतिभाशाली और प्रभावी पत्रकार थे। उनके निधन से मीडिया जगत को बहुत बड़ी क्षति पहुँची है।उनके परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ। ॐ शान्ति!

सुधीर चौधरी ने ट्वीट किया, ‘अब से थोड़ी पहले जितेंद्र शर्मा का फोन आया। उसने जो कहा सुनकर मेरे हाथ काँपने लगे। हमारे मित्र और सहयोगी रोहित सरदाना की मृत्यु की ख़बर थी। ये वायरस हमारे इतने क़रीब से किसी को उठा ले जाएगा ये कल्पना नहीं की थी। इसके लिए मैं तैयार नहीं था। यह भगवान की नाइंसाफ़ी है…। ॐ शान्ति।’

लंबे समय से टीवी मीडिया का चेहरा रहे रोहित सरदाना इन दिनों ‘आज तक’ न्यूज चैनल प्रसारित होने वाले शो ‘दंगल’ की एंकरिंग करते थे। 2018 में ही रोहित सरदाना को गणेश शंकर विद्यार्थी पुरस्कार से नवाजा गया था। वरिष्ठ पत्रकार राजदीप सरदेसाई ने भी रोहित सरदाना की मौत की जानकारी दी है।

उन्होंने ट्विटर पर श्रद्धांजलि देते हुए कहा, ‘दोस्तों बेहद दुखद खबर है। मशहूर टीवी न्यूज एंकर रोहित सरदाना का निधन हो गया है। उन्हें आज सुबह ही हार्ट अटैक आया है। उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना।’

First Published on: April 30, 2021 1:14 PM
Exit mobile version