संजय कपूर की प्रॉपर्टी विवाद का मामला फिर पहुंचा दिल्ली हाईकोर्ट, करिश्मा के बच्चों ने मांगा हिस्सा

बिजनेस जगत की चर्चित हस्ती और दिवंगत बिजनेस मैन संजय कपूर की करोड़ों की संपत्तियों पर अब कानूनी जंग छिड़ चुकी है। इस विवाद ने तब जोर पकड़ा जब संजय कपूर और अभिनेत्री करिश्मा कपूर के बच्चों ने कोर्ट से अपने पिता की निजी संपत्ति में हिस्सा मांगा।

मामला सीधे दिल्ली हाई कोर्ट पहुंच गया है, जहां अब संजय कपूर की दूसरी पत्नी प्रिया कपूर ने अदालत से अहम गुजारिश की है। दिल्ली हाई कोर्ट में दाखिल अर्जी में प्रिया कपूर ने हाई कोर्ट से मांग किया है कि वह संजय कपूर की प्रॉपर्टी की पूरी जानकारी सीलबंद लिफाफे में दाखिल करने की इजाजत दें।

प्रिया कपूर के वकील ने कोर्ट को बताया कि यह डिटेल बेहद संवेदनशील है और अगर इसे खुले तौर पर पेश किया गया तो इसके मीडिया और आम जनता तक लीक होने का खतरा है। उन्होंने कहा कि मैं कोर्ट और केस से जुड़े पक्षों को यह सूची दिखाने को तैयार हूं, लेकिन इसे सार्वजनिक नहीं किया जाना चाहिए।

यह महज दो पन्नों की सूची है और इसे गोपनीय रखना बेहद जरूरी है। इससे पहले सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने प्रिया कपूर को आदेश दिया था कि वह संजय कपूर की संपत्तियों का पूरा ब्यौरा अदालत को दें, ताकि यह तय किया जा सके कि किस पर किसका अधिकार बनता है।

करिश्मा कपूर के बच्चों की ओर से दायर याचिका ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है। शुक्रवार होने वाली सुनवाई में यह साफ होगा कि क्या हाई कोर्ट प्रिया कपूर की अपील मानते हुए संपत्ति की सूची को सीलबंद लिफाफे में स्वीकार करेगा या नहीं।

बता दें, संजय कपूर ने पोलो क्लब में पोलो खेलते हुए मधुमक्खी निगल ली थी, जिसके बाद उन्हें हार्ट अटैक आया और उनका निधन हो गया।

First Published on: September 26, 2025 10:37 AM
Exit mobile version