नई दिल्ली: देश में कोरोना वायरस का कहर बढ़ता जा रहा है और नए मामलों के साथ मरने वालों की संख्या में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है। अब दिल्ली कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री अशोक कुमार वालिया (AK Walia) का निधन हो गया है। वे कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए थे।
अपोलो अस्पताल में चल रहा था इलाज
एके वालिया ने दिल्ली के अपोलो हॉस्पिटल में आखिरी सांस ली। वह तीन दिनों से कोरोना वायरस से जंग लड़ रहे थे। बता दें कि डॉक्टर अशोक कुमार वालिया लगातार चार बार विधायक रहे। उन्होंने शीला दीक्षित की सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में काम किया था और स्वास्थ्य, शहरी विकास, भूमि और भवन विभागों का जिम्मा संभाला था।
गौरतलब है कि वालिया ने दिल्ली में शीला दीक्षित की अगुवाई वाली सरकार में बतौर मंत्री कई अहम विभागों की जिम्मेदारी संभाली थी।
डॉक्टर अशोक कुमार वालिया का जन्म दिल्ली में आठ दिसंबर 1948 को हुआ था। उन्होंने 1972 में इंदौर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की डिग्री हासिल की और पेशे से फिजिशियन थे।
दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने डॉक्टर वालिया के निधन पर शोक जताया। मनीष सिसोदिया ने ट्वीट किया, ‘दिल्ली के पूर्व कैबिनेट मंत्री अशोक वालिया जी के निधन का समाचार बेहद दुखद है। उन्होंने दिल्ली में सकारात्मक राजनीति को आगे बढ़ाया। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।’
दिल्ली के पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री अशोक वालिया जी के निधन का समाचार बेहद दुखद है. उन्होंने दिल्ली में सकारात्मक राजनीति को आगे बढ़ाया.
ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे. https://t.co/G6Ngcfj1RR— Manish Sisodia (@msisodia) April 22, 2021
बता दें कि देश की राजधानी दिल्ली भी कोरोना से बेहाल है। दिल्ली में बुधवार को कोरोना के 24,638 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 9,30,179 हो गई। इसके अलावा 249 रोगियों की मौत होने के बाद मृतकों की तादाद 12,887 हो गई है। राजधानी में संक्रमण की दर 31.28 प्रतिशत है।
इसका अर्थ है कि हर तीसरे नमूने में संक्रमण की पुष्टि हुई है। साथ ही महानगर ऑक्सीजन और बिस्तरों की किल्लत से भी जूझ रहा है। दिल्ली में अब तक 8.31 लाख से अधिक लोग ठीक हो चुके हैं वहीं, एक्टिव मरीजों की संख्या 85,364 है।