राज्यों, केन्द्र शासित प्रदेशों के पास कोरोना रोधी टीकों की 1.57 करोड़ से अधिक खुराक हैं: केन्द्र


केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि राज्य और केन्द्र शासित प्रदेशों के पास टीकों की 1.57 करोड़ से अधिक खुराक अब भी मौजूद हैं।


भाषा भाषा
दिल्ली Updated On :

नई दिल्ली। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि राज्य और केन्द्र शासित प्रदेशों के पास टीकों की 1.57 करोड़ से अधिक खुराक अब भी मौजूद हैं।

केन्द्र ने अब तक मुफ्त और सीधे राज्य खरीद श्रेणियों के जरिए टीके की 23 करोड़ से अधिक खुराक राज्य और केन्द्र शासित प्रदेशों को मुहैया कराई है।

मंत्रालय ने बताया कि इनमें से 21,51,48,659 खुराक का उपयोग हुआ है जिनमें बर्बाद हुई खुराक भी शामिल है। उसने कहा, ‘‘ राज्य और केन्द्र शासित प्रदेशों के पास अब भी कोविड-19 रोधी टीकों की 1,57,74,331 खुराक मौजूद है।’’

राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के हिस्से के रूप में केन्द्र, राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों को मुफ्त में टीके उपलब्ध करा कर उनकी मदद कर रहा है। इसके अलावा, वह राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों द्वारा टीकों की सीधी खरीद की सुविधा भी देता है।

बता दें कि केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 1,27,510 नए संक्रमण सामने आए हैं। यह 50 दिनों में सबसे कम है। इस दौरान 2,795 और लोगों की मौत हो गई है। 8 अप्रैल के बाद रिपोर्ट किए गए ताजा संक्रमण की यह सबसे कम संख्या है, जब भारत में 1,31,968 मामले दर्ज किए गए, जबकि 7 अप्रैल को भारत में 1,26,789 नए मामले सामने आए थे। 26 अप्रैल के बाद पहली बार मृत्यु भी 3,000 अंक से नीचे आ गई, जब देश में 2,771 मौतें हुईं है।



Related