दिल्ली-NCR में बारिश, तेज हवाओं के साथ मौसम हुआ सुहाना

दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार (2 जुलाई) को मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह से कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश शुरू हुई, जबकि तेज हवाओं और घने बादलों के कारण दिन में ही अंधेरा छा गया। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली।

मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार आज दिनभर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ 30 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

आईएमडी के मुताबिक, अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जो सामान्य से कम रहेगा। बारिश और तेज हवाओं के कारण मौसम सुहावना बना हुआ है। मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि अगले दो से तीन दिनों में दिल्ली-एनसीआर में मानसूनी गतिविधियां और मजबूत हो सकती हैं।

इसके चलते कई इलाकों में बारिश की तीव्रता बढ़ने की संभावना है। ऐसे में निचले इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक प्रभावित होने की आशंका भी जताई गई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने, जलभराव वाले क्षेत्रों से बचने और मौसम विभाग की ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है।

मौसम विभाग द्वारा मंगलवार (1 जुलाई) और बुधवार (2 जुलाई) को आंधी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया था। इसका असर फिलहाल राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में दिखाई देने लगा है। माना जा रहा है कि यह मानसून के सक्रिय दौर की शुरुआत है, जिससे पिछले कई दिनों से पड़ रही उमस और गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। बता दें कि इस बार मानसून के दिल्ली-एनसीआर में आने में काफी देरी हुई है। पांच सालों में पहली बार इतनी देर से मानसून राजधानी क्षेत्र में दस्तक देगा।

First Published on: July 2, 2026 8:39 AM
Exit mobile version