WEATHER UPDATE: दिल्ली पहुंचा मानसून, गर्मी से परेशान लोगों को बारिश ने दी राहत


एक पखवाड़े से अधिक के इंतजार के बाद आखिरकार दक्षिण-पश्चिम मानसून ने मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में दस्तक दी। इसी के साथ सुबह हुई बारिश से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली।



नई दिल्ली। एक पखवाड़े से अधिक के इंतजार के बाद आखिरकार दक्षिण-पश्चिम मानसून ने मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में दस्तक दी। इसी के साथ सुबह हुई बारिश से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) अनुसार पिछले 19 सालों में मानसून इस बार सबसे देर से दिल्ली पहुंचा है। 2002 में मानसून 19 जुलाई को दिल्ली पहुंचा था।

आईएमडी ने बताया कि मंगलवार को दिल्ली में बारिश के बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई और वह 25.2 डिग्री सेल्सियस रहा। सोमवार को न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस था। अधिकतम तापमान के सामान्य से कुछ डिग्री कम 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान सोमवार को 37.7 डिग्री सेल्सियस रहा था। हालांकि मंगलवार सुबह हवा में आर्द्रता का स्तर 100 प्रतिशत रहा।

आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा ‘‘ मानसून दिल्ली पहुंच गया है, हालांकि काफी देरी से पहुंचा है। इसके पहले जून अंत में पहुंचने का पूर्वानुमान था।’’

उन्होंने बताया कि मंगलवार को अभी तक दिल्ली में 24.8 मिमी बारिश दर्ज की गई।

वहीं राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार सुबह भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर पानी भर गया। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों ने बताया कि अभी तक थोड़ा-बहुत पानी भरने की ही शिकायतें मिली हैं और ऐसे स्थानों से पानी निकालने की कोशिश जारी है।

पीडब्ल्यूडी के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘हमारे अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और जलभराव की स्थिति पर करीबी नजर बनाए हैं। ऐसी शिकायतों से प्राथमिकता के साथ निपटा जाएगा।’’

एम्स फ्लाईओवर के नीचे, संगम विहार, किराड़ी सहित कई स्थानों पर पानी भर गया है।

आईएमडी के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून अपने आगमन की सामान्य तिथि से 16 दिन की देरी से, मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी पहुंच गया। बीते 19 वर्षों में मानसून के आगमन में यह सबसे अधिक विलंब है। 2002 में मानसून 19 जुलाई को दिल्ली पहुंचा था। मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार, सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटों में हुई बारिश के आधार पर मानसून की शुरुआत की घोषणा की गई।



Related