
नई दिल्ली। दिल्ली के न्यूनतम तापमान में बुधवार को बढ़ोतरी हुई और यह 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि न्यूनतम तापमान अभी भी सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।
मंगलवार को शहर शीतलहर की चपेट में रहा और न्यूनतम तापमान 2.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जो सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस कम था।
आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा कि अगले दो दिन में न्यूनतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट का अनुमान है इसलिए शीतलहर की स्थिति वापस आ सकती है।
उन्होंने कहा, “मैदानी इलाकों में चल रही बर्फीली हवाओं से पारा और नीचे गिर सकता है।” मैदानी इलाकों में यदि न्यूनतम तापमान गिरकर चार डिग्री सेल्सियस हो जाता है तो आईएमडी शीतलहर की घोषणा कर देता है।
वहीं मुम्बई में न्यूनतम तापमान में गिरावट से बुधवार की सुबह सर्द रही। यहां न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस साल का अभी तक का सबसे कम तापमान है। भारत मौसम विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि उत्तरी हवाओं के कारण मुम्बई और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में ठंड पड़ रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘ आईएमडी ने बुधवार से न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज किए जाने का पूर्वानुमान व्यक्त किया था। मुम्बई में आज सुबह न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस साल का अभी तक का सबसे कम तापमान है।’’
उन्होंने कहा कि उत्तरी हवाओं के कारण पूरे उत्तर भारत में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। अधिकारी ने कहा, ‘‘ महाराष्ट्र के मौसम पर भी इसका असर पड़ा है, ठंडी हवाओं के कारण राज्य के कई हिस्सों में सर्दी है।’’ उन्होंने बताया कि अगले कुछ दिनों तक ऐसी स्थिति रहने का अनुमान है।