गुजरात में बाढ़ का कहर, लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया

अहमदाबाद। गुजरात के तीन जिलों भरूच, नर्मदा और वडोदरा में नौ हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। वहीं बांधों से अधिक पानी छोड़े जाने के कारण नर्मदा नदी उफान पर है। राहत आयुक्त हर्षद पटेल ने बताया कि दिन में बारिश की तीव्रता कम हुई, लेकिन बीते तीन दिन में वर्षा संबंधित घटनाओं में 12 लोगों की जान चली गई है।

बताया कि बांधों से, खासकर मध्य प्रदेश में इंदिरा सागर बांध से पानी आना जारी है, जिससे सरदार सरोवर बांध में जलस्तर 133 मीटर पर पहुंच गया है। सरदार सरोवर बांध के 30 में से 23 फाटक खोलकर नदी में 10.70 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। पटेल ने गांधीनगर में पत्रकारों से कहा कि इस वजह से नर्मदा का जलस्तर बीते कुछ दिनों में काफी बढ़ा है और नर्मदा, वडोदरा और भरूच जिलों में नदी का पानी तट के पास स्थित निचले गांवों में घुसना शुरू हो गया है। राहत आयुक्त ने बताया, हम अबतक इन तीन जिलों के 49 गांवों के 9,794 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा चुके हैं।

First Published on: September 2, 2020 10:44 AM
Exit mobile version