किसान आंदोलन को हर तरह से समर्थन देती रहेगी कांग्रेस

गुड़गांव। किसान आंदोलन को लेकर कांग्रेस लगातार केंद्र पर निशाना साध रही है। सड़क से संसद तक विपक्ष ने किसान मुद्दे पर केंद्र की भाजपा सरकार को घेरा और हंगामा किया है। हरियाणा में भी कांग्रेस किसान आंदोलन के समर्थन में आ गई है। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस समिति की अध्यक्ष कुमारी सैलजा के राजनैतिक सचिव व दक्षिण हरियाणा के प्रभारी राजन राव ने कहा कि अभी तक किसान आंदोलन पूरी तरह लोकतांत्रिक मर्यादाओं में बंधा है।

कांग्रेस देश के अन्नदाता को किसी भी कीमत पर बर्बाद नहीं होने देगी। किसानों की लड़ाई में कांग्रेस पूरी तरह कंधे से कंधा मिलाकर संघर्ष करेगी। किसानों के समर्थन में कांग्रेस सात से 15 फरवरी तक हर ब्लॉक पर प्रदर्शन करेगी, किसान अधिकार यात्रा निकाली जाएगी।

किसानों की ओर से कहीं भी अशांति और हिंसक माहौल नहीं बनाया गया। जबकि भाजपा ने आंदोलन को बदनाम और समाप्त करने के हर हथकंडे अपना लिए। उन्होंने कहा कि आंदोलन को समाप्त कराने के लिए पीएम नरेंद्र मोदी को स्वयं आगे आना होगा।

कहा, प्रधानमंत्री रेडियो से मन की बात कर सकते हैं तो देश के अन्नदाता से बात करने में उन्हें क्या दिक्कत है? इससे पहले कि सरकारों में भी आंदोलन होते रहे हैं लेकिन आंदोलनरत पीड़ितों को इस तरह किसी भी पीएम ने नजर अंदाज़ नहीं किया। प्रधानमंत्री ने स्वयं कहा है किसानों से वार्ता एक फोन कॉल दूर हैं तो वे पहल कर किसानों को पुनः वार्ता के लिए करें।

उन्होंने कहा कि संसद के दोनों सदनों में जिस प्रकार भाजपा बिलों का बचाव कर रही है उससे साफ जाहिर है कि बिलों को लेकर सरकार पर पूंजीपतियों का दबाव है। पूंजीपतियों के दबाव के कारण ही प्रधानमंत्री किसानों से सीधी वार्ता नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का स्टैंड किसान आंदोलन पर एकदम साफ है।

आधिकारियों को बिल वापसी सम्बन्धी ज्ञापन सौंपे जाएंगे और जिला स्तर पर भी ऐसे ही आयोजन होंगे। सरकार यह समझ ले कि बिल वापसी तक किसान घर वापसी नहीं करने वाला, चाहे आंदोलन कितना भी लंबा चले। कांग्रेस आंदोलन को हर प्रकार से अपना पूर्ण समर्थन देती रहेगी।

First Published on: February 7, 2021 3:09 PM
Exit mobile version